

Manoj Jarange Warning Over Tukaram Mundhe News: अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग के नए आयुक्त तुकाराम मुंढे द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ शुरू की गई सख्त कार्रवाई के बीच अब राज्य में उनके तबादले की अटकलें तेज हो गई हैं, जिस पर मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने सरकार को खुली चेतावनी दी है।
19 मई को पद संभालने वाले मुंढे के 21 साल के करियर का यह 25वां तबादला था। पदभार संभालते ही उन्होंने महज दो हफ्तों के भीतर करोड़ों रुपए का अवैध स्टॉक जब्त कर बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस बेधड़क कार्रवाई से जहां मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं राजनीतिक गलियारों में उनके एक बार फिर ट्रांसफर होने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इन अटकलों के सामने आते ही अब जनता और बड़े नेता मुंढे के समर्थन में खड़े हो गए हैं। अपनी निडर कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने राजनेताओं और वीआईपी लॉबी की परवाह किए बिना माफियाओं पर सीधी चोट की है।
तुकाराम मुंढे के तबादले की इन अटकलों पर बोलते हुए मनोज जरांगे पाटिल ने उनके काम की जमकर तारीफ की और सरकार को सीधे चेतावनी दे डाली। जरांगे पाटिल ने कहा कि मुंढे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और अन्न पदार्थों में मिलावट रुकने से सीधे आम जनता के स्वास्थ्य को फायदा हो रहा है।
इसके साथ ही दूध में मिलावट बंद होने से किसानों के शुद्ध - दूध को अच्छा दाम मिलेगा। उन्होंने सरकार को सचेत करते हुए कहा कि सरकार को मुंढे के तबादले के झंझट में बिल्कुल नहीं पड़ना चाहिए, अन्यथा वे सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे।