

Maharashtra Digital Census Starts from 1 May: महाराष्ट्र में जनगणना के तहत स्व-गणना चरण 1 मई से शुरू होगा और यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना की शुरुआत होगी।
राज्य की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी और जनगणना कार्य निदेशक निरुपमा डांगे ने कहा कि यह कवायद एक व्यापक डिजिटल शासन प्रणाली की ओर बदलाव का हिस्सा है, जिसमें वास्तविक समय में डेटा संग्रहण और बेहतर सटीकता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल एप और एक ऑनलाइन पोर्टल की मदद ली जा रही है।
स्व-गणना के इच्छुक नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें और ऐसे किसी भी एसएमएस का जवाब देने से बचें जिसमें 'आरजीआईसीईएन' लिखा न हो। प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक बलेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक घरों की सूची तैयार की जाएगी और आवास गणना की जाएगी।
नागरिकों के ऑनलाइन माध्यम से जानकारी उपलब्ध करा देने के बाद 'एच' अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट पहचान संख्या उत्पन्न होगी, जिसे उन्हें सुरक्षित रखना होगा और जब गणनाकर्ता उनके घर पर जाएंगे तो उन्हें उनके साथ यह विशिष्ट पहचान संख्या साझा करनी होगी। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2.64 लाख कर्मियों को प्रशिक्षण के बाद तैनात किया जाएगा, जबकि जनगणना निगरानी और प्रबंधन प्रणाली पोर्टल का उपयोग बड़े पैमाने पर पर्यवेक्षण और डेटा प्रबंधन के लिए किया जाएगा।