सावधान! Instagram पर नकली नोटों का काला खेल, धुरंधर रील के झांसे में आए तो हो जाएंगे कंगाल, 2 ठग गिरफ्तार

Maharashtra Cyber Crime: महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर नकली नोटों की रील बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 'धुरंधर' गाने पर रील बनाकर करते थे ठगी।
Maharashtra Instagram Fake Currency Reels Scam
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on: 
Updated on: 

Instagram Fake Currency Reels Scam: सोशल मीडिया की दुनिया जितनी रंगीन है, उसके पीछे छिपे खतरे उतने ही गहरे हैं। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने हाल ही में एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो इंस्टाग्राम पर फिल्मी गानों की आड़ में नकली नोटों का धंधा चला रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, राहुल अनिल पवार और योगिता भोसले को गिरफ्तार किया है।

क्या था ठगी का 'धुरंधर' तरीका?

ये जालसाज हाल ही में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर' के साउंडट्रैक का उपयोग करके आकर्षक रीलें बनाते थे। इन वीडियो में असली दिखने वाले नोटों की गड्डियां दिखाई जाती थीं। वीडियो के कैप्शन में दावा किया जाता था कि ये नकली नोट बाजार में आसानी से चलते हैं और इनकी 'होम डिलीवरी' भी उपलब्ध है।

डील का जाल और फिर लूट

पुलिस जांच में सामने आया कि ये ठग लोगों को 1 लाख रुपये के बदले 5 से 8 लाख रुपये के नकली नोट (Fake Currency) देने का लालच देते थे। जो लोग इनके झांसे में आते, उन्हें व्हाट्सएप पर बुलाया जाता था। ठगी के दो तरीके अपनाए जाते थे।

एडवांस पेमेंट: कई बार आरोपी एडवांस पैसे ऑनलाइन मंगवा लेते थे और फिर पीड़ित का नंबर ब्लॉक कर देते थे।

आमने-सामने लूट: यदि कोई ग्राहक खुद पैसे लेने पहुंचता, तो उसे किसी सुनसान जगह बुलाकर स्थानीय गैंग का डर दिखाया जाता और उसके पास मौजूद असली पैसे भी लूट लिए जाते थे।

पुलिस की चौतरफा कार्रवाई

साइबर पुलिस ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दो मुख्य FIR दर्ज की हैं। इसके अलावा, राज्य के बुलढाणा और जलगांव जिलों में भी स्थानीय थानों द्वारा दो अन्य एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि यह केवल एक गिरोह नहीं बल्कि एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है जो भोले-भले इंटरनेट यूजर्स को निशाना बना रहा है।

नागरिकों के लिए चेतावनी

महाराष्ट्र पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि नकली मुद्रा का प्रचार करना, उसे खरीदना या रखना भारतीय न्याय संहिता के तहत एक गंभीर अपराध है। ऐसे किसी भी विज्ञापन को न तो शेयर करें और न ही इन पर भरोसा करें। यदि आप सोशल मीडिया पर ऐसा कुछ देखते हैं, तो तुरंत साइबर सेल को रिपोर्ट करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com