उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में सिद्धिविनायक मंदिर में हुई गड़बड़ी? शिंदे गुट के कृष्ण हेगड़े ने उठाए गंभीर सवाल

Krishna Hegde On Siddhivinayak Temple: शिवसेना के प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने उद्धव ठाकरे के कार्यकाल के दौरान सिद्धिविनायक मंदिर में हुए कथित भ्रष्टाचार की SIT जांच की मांग की है।
krishna hegde questions uddhav thackeray tenure siddhivinayak temple controversy
कृष्णा हेगड़े का बयान (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Krishna Hegde Questions Uddhav Thackeray: शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई को लेकर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, उसका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस मामले में पहले ही सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों से करीब 80 लाख रुपये बरामद किए गए हैं और उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है और जांच के लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है।

कृष्ण हेगड़े ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से भी गंभीरता दिखाई गई है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उद्धव ठाकरे के कार्यकाल पर उठाए सवाल

सिद्धिविनायक मंदिर से जुड़े आरोपों पर भी कृष्ण हेगड़े ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे ने सिद्धिविनायक मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यकाल के दौरान मंदिर में दान की राशि और खरीदारी से जुड़े मामलों में गड़बड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि यदि सिद्धिविनायक मंदिर में भी कोई अनियमितता हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने इस मामले में भी एसआईटी जांच की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना जरूरी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली भेजे जाने की अटकलों पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का आंतरिक मामला है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र में अच्छा काम कर रहे हैं। महायुति सरकार में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

महायुति सरकार मजबूत और एकजुट है

संजय राउत के बयानों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कई राजनीतिक भविष्यवाणियां पहले भी गलत साबित हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि महायुति सरकार मजबूत है और एकजुट होकर जनता के हित में काम कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऑपरेशन टाइगर के सफल होने के बयान और उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं के शिवसेना में शामिल होने पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि लोग एकनाथ शिंदे के नेतृत्व और काम को देखकर उनके साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे ने पहले मुख्यमंत्री और अब उपमुख्यमंत्री रहते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।

उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे जमीन से जुड़े नेता हैं जबकि उद्धव ठाकरे केवल सोशल मीडिया तक सीमित नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि जो लोग बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं, वे एनडीए के साथ आना चाहते हैं।

विनायक राउत परिवार पर बहू के आरोप बेहद गंभीर

शिवसेना यूबीटी के पूर्व सांसद विनायक राउत और उनके परिवार पर उनकी बहू द्वारा लगाए गए अंधविश्वास और प्रताड़ना के आरोपों पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। एक शिक्षित महिला के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि यह भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, सुरक्षा और तकनीक जैसे कई क्षेत्रों में समझौते हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐतिहासिक है क्योंकि 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड पहुंचा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है और आने वाले वर्षों में इससे आर्थिक लाभ मिलेगा।

दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी पार्टी संभालें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा विधायकों को पैसे और पद का लालच देकर तोड़ने के आरोपों पर कृष्ण हेगड़े ने कहा कि जब किसी पार्टी में अंदरूनी समस्या होती है तो ऐसे आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला को दूसरे दलों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी पार्टी को मजबूत करने और अपने विधायकों व नेताओं से संवाद करने पर ध्यान देना चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com