

Mumbai Jogeshwari Chawl Fire Brigade: मुंबई में एक के बाद एक हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। चेंबूर में स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी वही गुरूवार को साकीनाका में एक व्यक्ति की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को जोगेश्वरी पश्चिम स्थित गोमती वैशाली चॉल में शुक्रवार तड़के आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई।
इस हादसे में 11 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 5:59 बजे इमारत के भूतल पर स्थित कॉमन इलेट्रिक मीटर कैबिन में लगी। जान बचाने के लिए लोग चौथी मंजिल से कूद गए।
शुरुआती कुछ मिनटों में ही धना धुआं पूरी इमारत में फैल गया, जिससे सो रहे लोगों में दहशत फैल गई। कई निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ लोगों को बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, पुलिस, बीएमसी के अधिकारी तथा एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को मीटर कैबिन और उससे जुड़े विद्युत उपकरणों तक ही सीमित रखा।
इसके कारण आग इमारत के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी और बड़ी जनहानि टल गई। हादसे में घायल हुए 11 लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ और मामूली झुलसने की शिकायत हुई। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
चिकित्सकों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेट्रिक मीटर कैबिन में शॉर्ट सर्किट या विद्युत वायरिंग में तकनीकी खराबी मानी जा रही है।