

मुंबई: मुंबई मेट्रो में नया इतिहास बनने जा रहा है। अब मुंबई मेट्रो 7 व 2 ए के अंतर्गत आने वाले आकुर्ली और एक्सर स्टेशनों (Axar Metro Station) का संचालन पूरी तरह महिलाओं के हाथ होगा। एमएमआरडीए (MMRDA) और एमएमएमओसीएल ने मेट्रो में महिला कर्मचारियों को और सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम उठाया है।
हाल ही में पूरी तरह संचालित मेट्रो रूट 2 ए का आकुर्ली और मेट्रो-7 पर एक्सर स्टेशन का पूरा प्रबंधन महिलाओं के हाथ होगा। स्टेशन पर सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड से लेकर मैनेजर तक 76 महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
वैसे अपने देश में ऑटो से लेकर हवाईजहाज तक महिलाएं चला रहीं हैं। मुंबई में मध्य रेलवे का माटुंगा स्टेशन तो वर्षों से महिलाओं द्वारा ही संचालित हो रहा है। अब देश में पहली बार मेट्रो स्टेशन के संचालन की जिम्मेदारी महिलाओं को दी गई है। उक्त दोनों स्टेशनों का पूरी तरह नियंत्रण तीनो शिफ्ट में महिलाओं के हाथ होगा। एमएमआरडीए आयुक्त एसवीआर श्रीनिवास के अनुसार, इस पहल से न केवल परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अन्य क्षेत्र में भी महिलाओं को अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। महिला यात्रियों के लिए अलग मेट्रो कोच, अलग शौचालय और एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 889 0808 भी उपलब्ध कराया गया है।
मेट्रो के कार्यान्वयन के लिए लगभग 27 प्रतिशत यानी 958 महिला कर्मचारी कार्यरत हैं और वे रखरखाव और मरम्मत, मानव संसाधन, वित्त और प्रशासन विभागों में सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। अधिकांश कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त किया गया है।