गैंगस्टर विजय पलांडे की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, उज्ज्वल निकम को एसपीपी बनाए जाने पर उठाए सवाल

Ujjwal Nikam News Update: कई हत्याओं के आरोपी गैंगस्टर विजय पलांडे ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने पर सवाल उठाए हैं।
Ujjwal Nikam Vs Vijay Palande
उज्जवल निकम Vs विजय पलांडे (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on: 
Updated on: 

Vijay Palande Challenges Ujjwal Nikam: कई हत्याओं के मामलों में आरोपी गैंगस्टर विजय पलांडे ने अपने केस में वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) नियुक्त किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।

पलांडे ने अदालत से मांग की है कि निकम की नियुक्ति की वैधता पर पुनर्विचार किया जाए। इस याचिका के बाद मामला फिर से कानूनी और राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

राज्यसभा सदस्यता को बनाया आधार

अपनी याचिका में पलांडे ने दलील दी है कि उज्ज्वल निकम वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं, इसलिए उन्हें इस मामले में एसपीपी बनाए रखना उचित नहीं है। उनका कहना है कि सांसद बनने के बाद सरकारी पद संभालना ‘लाभ का पद’ माना जा सकता है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। इसी आधार पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

उज्ज्वल निकम ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तर मध्य सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया। अब उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर भी कानूनी बहस तेज हो गई है।

निचली अदालत पहले ही खारिज कर चुकी है अर्जी

इससे पहले मुंबई की एक अदालत ने पांच फरवरी को पलांडे की उस अर्जी को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने निकम को मामले से हटाने की मांग की थी। निचली अदालत से राहत न मिलने के बाद पलांडे ने अब सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मामले की अगली सुनवाई और शीर्ष अदालत का फैसला अब आगे की कानूनी दिशा तय करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com