

मुंबई: मध्य रेलवे (Central Railway) की लोकल ट्रेन (Local Train) से यात्रा करने वाले यात्रियों के मुफ्त मनोरंजन (Free Entertainment) के लिए 'कंटैंट ऑन डिमांड' (Content on Demand) सेवा शुरू की गई है। मध्य रेलवे के जीएम अनिल कुमार लाहोटी ने सीएसएमटी स्टेशन पर इंफोटेनमेंट सेवा का उद्घाटन किया। फिलहाल लोकल ट्रेन की 10 रेक में इसकी शुरुआत की गई है।
बताया गया कि मुफ्त मनोरंजन के लिए यात्रियों को शुगर बॉक्स नामक एप डाउनलोड करना होगा। इसके लिए मध्य रेलवे और मैसर्स मार्गो नेटवर्क प्रा. लिमिटेड के बीच समझौता हुआ है। लोकल में मनोरंजन के लिए यात्रियों को इंटरनेट या वायफाय की आवश्यकता नहीं होगी।
जीएम अनिल कुमार लाहोटी ने स्वयं कंटैंट ऑन डिमांड सेवा का अनुभव लेते हुए कहा कि इससे न सिर्फ लोकल यात्रियों का मुफ्त मनोरंजन होगा, बल्कि 'कंटैंट ऑन डिमांड' के अनुबंध से 5 वर्षो में मध्य रेलवे को 8.17 करोड़ रुपए गैर किराया राजस्व मिलेगा। जीएम ने बताया कि अप्रैल से जनवरी 2021-22 की अवधि के लिए मध्य रेलवे का गैर-किराया राजस्व 22.57 करोड़ है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 295% अधिक और सभी क्षेत्रीय रेलवे में अव्वल है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी 165 ईएमयू रेक के अंदर कंटैंट ऑन डिमांड सेवा शुरू हो जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित डीआरएम शलभ गोयल, सीसीएम यात्री सेवा इति पांडे, शुगरबॉक्स नेटवर्क के सह-संस्थापक रोहित परांजपे, रिपुंजय बररिया और देवांग गोराडिया ने कहा कि सेलुलर नेटवर्क के अनियमित या अनुपलब्ध होने पर भी सूचना, मनोरंजन, खरीदारी, शिक्षा और अपस्किलिंग सेवाओं, भुगतान प्लेटफॉर्म आदि का निर्बाध लाभ मिलेगा।