

FDA ने 14 दिनों में 937 जांच कर 450 नोटिस जारी किए; 71 लाइसेंस निलंबित और 29 रद्द।
279 दवा सैंपल में 21 फेल, जिनमें 1 नकली और 18 कम गुणवत्ता वाले।
बोरीवली और भांडुप में 35.5 टन खाद्य सामग्री जब्त; BEST कैंटीन समेत दो लाइसेंस निलंबित।
FDA Maharashtra Crackdown Substandard: मुंबई में दवाओं और सौंदर्य प्रसाधनों में गड़बड़ी करने वालों पर अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) का शिकंजा कस गया है। 5 से 17 अक्टूबर यानी 14 दिनों के दौरान औषधि विभाग ने राज्य के सातों विभागों में 937 जांच कीं, यानी हर दिन औसतन करीब 67 जगहों पर जांच हुई। इस दौरान 450 नोटिस दिए गए, 29 लाइसेंस रद्द किए गए और 71 लाइसेंस निलंबित किए गए।
मुंबई की प्रयोगशाला में सबसे ज्यादा सैंपल फेल हुए। राज्य की तीन प्रयोगशालाओं में कुल 279 दवा सैंपल जांचे गए, जिनमें से 21 मानक पर खरे नहीं उतरे। मुंबई में 119 सैंपल जांचे गए और 10 फेल हुए, यानी करीब हर 12वें सैंपल में से एक। छत्रपति संभाजीनगर में 133 में से 7 और नागपुर में 27 में से 4 सैंपल फेल हुए। फेल हुए 21 सैंपल में 18 कम गुणवत्ता के, 2 गलत ब्रांड वाले और 1 नकली है।
5 मामलों में दवाएं बाजार से वापस मंगाई जा रही है। जांच का सबसे बड़ा हिस्सा दवा दुकानों का रहा। 832 दुकानों की जांच में 382 नोटिस दिए गए, 49 लाइसेंस निलंबित और 22 रद्द हुए। दवा बनाने वाली कंपनियों, ब्लड बैंक, ब्लड स्टोरेज सेंटर और जांच प्रयोगशालाओं की 105 जांच हुई, जिनमें 68 नोटिस दिए गए, 22 लाइसेंस निलंबित और 7 रद्द हुए।
पहले हफ्ते में ऐसी 31 जांच हुई थी, जबकि दूसरे हफ्ते में 74, यानी दोगुनी से ज्यादा। एलोपैथी दवा बनाने वाली 36 इकाइयों की जांच में 4 के लाइसेंस रद्द हुए, जबकि आयुर्वेदिक दवा बनाने वालों की 4 जांच में 10 लाइसेंस निलंबित किए गए, बिना लाइसेंस कारोबार पर 5 कार्रवाई हुई और कुल 28,52,304 रुपये का माल जब्त हुआ। नागपुर शहर में 22,03,744 रुपये की एलोपैथी दवाएं पकड़ी गई।
अन्न व औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान के तहत बोरीवली वेस्ट और भांडुप पश्चिम में छापा मार कर 35.5 टन अमानक और मिलावटी खाने का सामान जब्त किया है। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत करीब 79.97 लाख रुपये है।
नियमों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर बोरीवली वेस्ट में स्थित 'बेस्ट कैंटीन' और भांडुप पश्चिम की 'इंस्टाकार्ट सर्विसेज' का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान इन परिसरों में बेहद गंदे किचन, जंग लगे उपकरण, एक्सपायरी और ताजे सामान की मिलावट जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गई।
कुल जांच: 937
जारी नोटिस: 450
निलंबित लाइसेंस: 71
रद्द लाइसेंस: 29
जांचे गए दवा सैंपल: 279
मानकों पर खरे नहीं उतरे सैंपल: 21
जब्त खाद्य सामग्री: 35.5 टन
जब्त खाद्य सामग्री की कीमत: करीब 79.97 लाख रुपये