'मैं डॉक्टर नहीं, लेकिन ऑपरेशन करता रहता हूं...' एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी और उद्धव गुट को आड़े हाथों लिया

Eknath Shinde Slams Uddhav Thackeray: स्थापना दिवस पर एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। ऑपरेशन टाइगर के बीच शिंदे बोले- 'यह तो बस ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है।
eknath shinde speech shiv sena foundation day operation tiger uddhav thackeray
एकनाथ शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Eknath Shinde Speech Shiv Sena Foundation Day: शुक्रवार को शिवसेना के 60 वें स्थापना दिवस पर गोरेगांव के नेस्को हॉल में आयोजित हीरक महोत्सव समारोह में पार्टी के मुख्य नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताते हुए विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि शिवसैनिक ही पार्टी का सच्चा वैभव हैं और बालासाहेब ठाकरे व धर्मवीर आनंद दिघे के विचारों को आगे बढ़ाने का काम उनकी शिवसेना कर रही है। ऑपरेशन टाइगर के बीच डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने यूबीटी नेताओं को आड़े हांथों लेते हुए कहा कि कुत्ते झुंड में आकर भौंकते रहते हैं जबकि शेर दहाड़ कर शिकार करता है। उन्होंने कहा कि वे बालासाहब और धर्मवीर का विचार लेकर चल रहे हैं। यह ट्रेलर है, पिक्चर बाकी है।

उद्धव पर हमला

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। बिना नाम लिए उद्धव की ओर इशारा करते हुए शिंदे ने कहा कि वे अहंकारी हैं, सब उन्हें छोड़ कर जा रहे हैं। इसका आत्मचिंतन करने की बजाय उनके चमचे सांसदों को गालियां दे रहे हैं।

परिस्थिति बदल चुकी है, उनके पैरों की ज़मीन खिसक चुकी है। आज मुंबई मनपा पर भी महायुती की सत्ता है,विकास हो रहा है। सारे रुके हुए काम तेजी से हो रहे हैं। 25 साल मुंबई को सोने का अंडा देने वाली मुर्गी समझने वालों को लोगों ने घर बिठा दिया है।

शिंदे ने सीधे कहा कि बाघ की खाल पहनने से भेड़िया शेर नहीं बन जाता। एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं, डॉक्टर नहीं लेकिन, मैं ऑपरेशन करता रहता हूं। उन्होंने फिर उद्धव को निशाने पर लेटे हुए शिवसेना कोई जमीन का टुकड़ा नहीं जो कोई भी दावा करे। उन्होंने कुर्सी के लिए विचार छोड़ दिया। लोगों का तिरस्कार किया। हमने बालासाहेब की शिवसेना को बचाने का कार्य किया। हमने शिवसेना नाम और निशान बचाने का कार्य किया।

पीएम मोदी की सराहना

शिवसेना के मंच से मुख्य नेता एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी की जम कर सराहना की। शिंदे ने कहा कि मोदी देश की गौरवशाली प्रगति के प्रतीक हैं और उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के कई सपनों को पूरा किया है। एनडीए के अभिनंदन प्रस्ताव में शिवसेना को स्थान दिया। मोदी का अभिनंदन प्रस्ताव अपनी सभा में एकनाथ शिंदे ने किया। उन्होंने कहा कि बालासाहेब होते तो मोदी शाह का अभिनदंन करते। वे देश को आर्थिक सत्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। शिंदे ने दावा किया कि महाराष्ट्र में शिवसेना दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है और पूरे राज्य में भगवा लहरा रहा है।

राहुल गांधी भस्मासुर

एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जिसके साथ गए उसका बंटाधार हो गया। वे इतना चुनाव हारे फिर भी कैप्टन बने घूम रहे हैं। महाराष्ट्र से लेकर,दक्षिण के राज्यों और बंगाल बिहार तक जहां जहां राहुल गांधी गए,वहां उनके साथ वाली पार्टियां भी हार गईं।

लाड़की बहिण और लाड़की सुन

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज शिवसेना लाडली बहनों, किसानों, मजदूरों, युवाओं के साथ खड़ी है। लाड़की बहिण के साथ राज्य भर में लाड़की सुन अभियान भी शुरू हो रहा है। पूरे राज्य में शिवसेना का भगवा फड़क रहा है। शिंदे ने कहा कि जहां आरक्षण नहीं था वहां भी लाडली बहनों को महापौर बनाया। महायुती की विजय राज्य में हो रही है। कुछ लोग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व मेरे बीच भड़काने का काम करते हैं लेकिन हमारी मजबूत बॉन्डिंग है। हमारा एक ही लक्ष्य महाराष्ट्र का विकास है।

उन्होंने कहा कि लाड़की बहन योजना बंद नहीं होगी। शिंदे ने कहा कि मेरे पास आने के लिए कुछ नहीं लगता। इसके पहले पैसा देखकर टिकट दिया जाता था। ज्योति वाघमारे को राज्यसभा भेजा गया। काम करेगा उसे मौका मिलेगा। शिंदे ने अपना भी उदाहरण देते हुए कहा कि शाखा प्रमुख राज्य का मुख्यमंत्री बन सकता है। शिवसैनिक ही हमारी ताकत है।

पार्टी मतलब शिवसैनिक है उसीके जोर पर हम सांसद विधायक मंत्री बनते हैं। इसलिए कार्यकर्ता का सम्मान बना रहना चाहिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य पर सूखे की छाया दिख रही है उसका मुकाबला करने के लिए भी हम तैयार हैं। जहां संकट होगा वहां शिवसेना खड़ी रहेगी। राज्य की तिजोरी पर पहला हक किसानों का होगा। उन्होंने शिवसैनिकों से कहा कि वे मतदाता सूची अपडेट रखें। युवा सेना का काम फील्ड पर दिखना चाहिए। शिवसैनिक लोंगो का काम करें।

डॉ श्रीकांत शिंदे की चर्चा

शिवसेना के हीरक महोत्सव समारोह शिवसेना संसदीय दल के नेता एवं डिप्टी सीएम के पुत्र डॉ श्रीकांत शिंदे चर्चा का केंद्र बने रहे। मंच पर एक किनारे बैठे सांसद डॉ श्रीकांत शिंदे की जमकर प्रसंसा अन्य वरिष्ठ वक्ताओं ने की। शिवसेना के नेता रामदास कदम ने कहा कि डॉ श्रीकांत शिंदे दिन रात पार्टी और संगठन के लिए काम कर रहे हैं,जबकि यूबीटी के राजकुमार आदित्य अपने पिता उद्धव ठाकरे की तरह घर में बैठे रहते हैं। डॉ श्रीकांत शिंदे को युवा शाखा की जिम्मेदारी के साथ पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाने की बात मंच पर की गई।

उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन टाइगर की वजह से शिवसेना का 60 वां स्थापना दिवस काफी चर्चा में रहा। लेकिन यूबीटी से बगावत करने वाले 6 सांसद नजर नहीं आए। मुंबई के ही षमुखानन्द हॉल में उद्धव के कार्यक्रम से भी उनके 6 सांसदों ने दूरी बनाए रखी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com