दुबई-बैंकॉक से मुंबई तक फैला था जाल! DRI ने दबोचे अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग रैकेट के 6 सदस्य

Mumbai Airport Gold Smuggling: डीआरआई ने मुंबई एयरपोर्ट पर बड़े अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर 3 विदेशी नागरिकों समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
dri busts international gold smuggling racket mumbai airport
कार्रवाई की सांकेतिक फोटो (सोर्स: आईएएनएस)
Updated on

DRI Busts International Gold Smuggling Racket: राजस्व खुफिया निदेशालय ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें फिलीपींस के तीन नागरिक भी शामिल हैंअधिकारियों के मुताबिक, यह तस्करी गिरोह एयरपोर्ट परिसर में काम करने वाले कुछ निजी कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से संचालित किया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में मुंबई के रहने वाले हिमांशु उपाध्याय, मोहिद हसन सिद्दीकी और फिरोज सैयद शामिल हैं। इनके अलावा फिलीपींस के तीन नागरिक लकीम अलीमुद्दीन नासेर, बेनी लॉयड ओलिवो और क्रिस्टीन जॉय अंदाया पोर्नास्डोरो को भी गिरफ्तार किया गया है।

दुबई और बैंकॉक से मुंबई तक फैला था तस्करी का जाल

डीआरआई के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक सोना तस्करी गिरोह के लिए काम कर रहे थे। यह गिरोह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काम करने वाले कुछ लोगों की कथित मदद से दुबई और बैंकॉक से मुंबई आने वाले ट्रांजिट यात्रियों के जरिए सोने की तस्करी करता था।

वन्यजीव तस्करी के बड़े रैकेट का भी हुआ था भंडाफोड़

इस महीने की शुरुआत में डीआरआई ने सीबीआई और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल कई दुर्लभ वन्यजीवों को बरामद कर सुरक्षित बचाया गया। इनमें 15 स्लो लोरिस, दो बिंटुरोंग, 28 स्टार कछुए, छह मिस्री गिद्ध और दो शिकरा पक्षी शामिल थे।

DRI के इनपुट पर CBI का एक्शन

इस मामले की शुरुआती खुफिया जानकारी डीआरआई ने जुटाई थी। इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, जिसने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीआरआई ने बैंकॉक, कुआलालंपुर और कोलंबो से आने वाले यात्रियों के जरिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भारत में संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी की कई कोशिशों को भी नाकाम किया है।

इन अभियानों के दौरान कई दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीवों को जब्त कर सुरक्षित बचाया गया। इनमें एल्बिनो रेड-ईयर्ड कछुए, हाइपो जीरो बियर्डेड ड्रैगन, अफ्रीकन स्पर्ड कछुए, बोर्नियो पाइथन, ग्रीन इगुआना, मैंग्रोव मॉनिटर छिपकलियां, अर्जेंटीनियन ब्लैक एंड व्हाइट टेगू, गोएल्डी मार्मोसेट, येलो-चीक्ड गिबन, इंडोनेशियाई ब्लू-टंग्ड स्किंक, सियामांग गिबन, वूली मंकी, सिल्वरी लुटुंग, येलो-बेली बॉल पाइथन, पेस्टल बॉल पाइथन और कई अन्य प्रजातियां शामिल थीं। इन अभियानों के दौरान जब्त किए गए वन्यजीवों और अन्य सामग्री की कुल संख्या 440 तक पहुंच गई है।

-एजेंसी की रिपोर्ट से

Navbharat Live
navbharatlive.com