डोंबिवली से बहला-फुसलाकर UP ले जाई गई 16 वर्षीय किशोरी की मौत, 2 के खिलाफ दर्ज हुआ केस, पुलिस जांच में जुटी

Manpada Police Station: डोंबिवली के मानपाड़ा से कथित तौर पर उत्तर प्रदेश ले जाई गई 16 वर्षीय किशोरी की सायन अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों पर केस दर्ज किया।
Suspicious death of 16-year-old girl from Dombivli; case registered against two for allegedly taking her to UP
प्रतीकात्मक तस्वीरसोर्स- सोशल मीडिया
Updated on

Dombivli Minor Girl Death Case: डोंबिवली के मानपाड़ा इलाके से कथित तौर पर बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश ले जाई गई 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी की मुंबई में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मानपाड़ा पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर पवन दिवाकर और दीपक दिवाकर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किशोरी की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

22 मार्च को घर से निकली थी

पुलिस के अनुसार, किशोरी 22 मार्च की सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पवन दिवाकर और दीपक दिवाकर कथित तौर पर किशोरी को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले गए थे।

प्रयागराज में बिगड़ी तबीयत

उत्तर प्रदेश पहुंचने के बाद किशोरी की तबीयत खराब हो गई। उसे प्रयागराज के एक सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई लेकर आए और सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सायन अस्पताल में 9 जुलाई को मौत

मुंबई शहर के सायन अस्पताल में उपचार के दौरान 9 जुलाई को किशोरी ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के वास्तविक कारण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल दस्तावेजों का इंतजार कर रही है।

परिजनों ने लगाया धमकी देने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने का प्रयास किया, तो आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों के अनुसार, इसी वजह से शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

मानपाड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। महिला पुलिस निरीक्षक मीनाक्षी वर्षे के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल दस्तावेज मिलने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com