रूपाली चाकणकर की भूमिका न निभाएं, अभिनेत्री दीपाली सय्यद को फोन पर मिल रही धमकियां; किया बड़ा खुलासा

अभिनेत्री दीपाली सय्यद ने दावा किया है कि अशोक खरात मामले पर बन रही फिल्म में काम करने के कारण उन्हें राजनीतिक दबाव और धमकियां मिल रही हैं। जानें क्या है Maharashtra Epstein Files विवाद।
deepali sayyed threat calls maharashtra epstein files ashok kharat film
दीपाली सैय्यद (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Deepali Sayyed Threat Calls: महाराष्ट्र की राजनीति और मनोरंजन जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिवसेना नेता और जानी मानी अभिनेत्री दीपाली सय्यद ने खुद को जान से मारने और करियर बर्बाद करने की धमकियां मिलने का दावा किया। दीपाली सय्यद का आरोप है कि उन्हें नासिक के चर्चित भोंदू बाबा अशोक खरात मामले पर बन रही फिल्म में काम न करने के लिए दबाव डाला जा रहा है।

क्या है महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स?

निर्देशक स्वरूप बी. सावंत जल्द ही नासिक के कुख्यात अशोक खरात यौन शोषण मामले को  70 मिमी के पर्दे पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म का नाम Maharashtra Epstein Files रखा गया है। फिल्म की टैगलाइन है अब सब कुछ उजागर होगा। इस फिल्म में दीपाली सय्यद एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली हैं। चर्चा है कि वे फिल्म में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का किरदार निभा रही हैं।

दीपाली सय्यद के सनसनीखेज आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान दीपाली ने बताया, मुझे लगातार फोन पर धमकियां मिल रही हैं कि मैं इस फिल्म का हिस्सा न बनूं और रूपाली चाकणकर की भूमिका न निभाऊं। मुझे कुछ महिला नेताओं के फोन भी आए, जिन्होंने चेतावनी दी कि अगर मैंने यह फिल्म की, तो मेरा राजनीतिक करियर तबाह कर दिया जाएगा। दीपाली ने कड़े शब्दों में कहा कि वे किसी के दबाव में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, मैं एक कलाकार हूँ और अपना काम करने के लिए मुझे किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। कर नहीं तो डर कैसा? यह मेरा पेशा है और मुझे काम करने से रोकना पूरी तरह गलत है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से करेंगी मुलाकात

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपाली सय्यद ने अपने पक्ष प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ-साथ सांसद श्रीकांत शिंदे से मिलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, मैं अपने वरिष्ठों को पूरी स्थिति से अवगत कराऊंगी और उन लोगों के नाम भी उजागर करूंगी जो मुझे फोन कर रहे हैं। मैं यह मामला उनके सामने ओपन करने वाली हूँ।

स्क्रिप्ट और किरदार पर सस्पेंस

फिल्म की स्क्रिप्ट के बारे में बात करते हुए दीपाली ने कहा कि वे पिछले चार महीनों से बिग बॉस के घर में थीं, इसलिए उन्हें बाहर चल रहे इस मामले की गहराई के बारे में नहीं पता था। बाहर आने और स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि मामला कितना गंभीर है। उन्होंने कहा, अशोक खरात किस तरह का गुरु था, वह लोगों को क्या पीने को देता था और कैसे अंधश्रद्धा का खेल खेलता था, यह सब जनता के सामने आना चाहिए। जहाँ तक रूपाली चाकणकर के रोल की बात है, तो मैं अभी इसकी पुष्टि नहीं कर सकती, लेकिन फिल्म रिलीज होने पर सब साफ हो जाएगा।

यह फिल्म अगले महीने शूटिंग फ्लोर पर जाएगी और इसे 2 अक्टूबर को रिलीज करने की योजना है। दीपाली का मानना है कि इस फिल्म के आने के बाद कई प्रभावशाली लोगों के चेहरों से शराफत का नकाब उतर जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com