ट्रेनों में बढ़े, बेटिकट यात्री, सेंट्रल रेलवे ने वसूला 227 करोड़ रुपया जुर्माना

Ticketless Travel Fine In Railway: मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2025–26 में बिना टिकट यात्रा करने वाले लगभग 38 लाख यात्रियों को पकड़ा और उनसे 227 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।
मध्य रेल समाचार, Central Railway ticketless passengers, Indian Railways ticket checking drive
railway penalty collection 227 crore (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Local: ट्रेनों में बिना टिकट या अवैध रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे जांच अभियानों के बावजूद ऐसे यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिना टिकट और अनधिकृत यात्रा के 38 लाख मामलों का पता लगाकर जुर्माने के रूप में 227 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की है।

10 प्रतिशत की बढ़ोतरी

मध्य रेल की टिकट जांच टीमों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (अप्रैल 2025 से फरवरी 2026) के दौरान बिना टिकट या अमान्य टिकट के साथ यात्रा कर रहे 37.99 लाख यात्रियों को पकड़ा। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में यह संख्या 34.60 लाख थी। इस तरह इस वर्ष लगभग 10 प्रतिशत अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

22 प्रतिशत ज्यादा जुर्माना वसूली

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 (अप्रैल 2025 से फरवरी 2026) के दौरान जुर्माने के रूप में 227.03 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड वसूली की गई। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 185.62 करोड़ रुपये वसूले गए थे। इस तरह जुर्माना वसूली में 22 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

फरवरी में पकड़े गए 3.65 लाख यात्री

फरवरी 2026 के दौरान मध्य रेल की टिकट जांच टीमों ने बिना टिकट या अमान्य टिकट के साथ यात्रा कर रहे 3.65 लाख यात्रियों को पकड़ा। फरवरी 2025 में यह संख्या 3.32 लाख थी, जो लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है। फरवरी 2026 में अपराधियों से 23.27 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए, जबकि फरवरी 2025 में यह राशि 18 करोड़ रुपये थी, जो लगभग 30 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है।

मंडलवार जुर्माना वसूली

  1. मुंबई मंडल: 16.16 लाख मामलों से 71.32 करोड़ रुपये जुर्माना
  2. भुसावल मंडल: 8.94 लाख मामलों से 75.29 करोड़ रुपये जुर्माना
  3. पुणे मंडल: 4.31 लाख मामलों से 27.14 करोड़ रुपये जुर्माना
  4. नागपुर मंडल: 4 लाख मामलों से 24.93 करोड़ रुपये जुर्माना
  5. सोलापुर मंडल: 2.30 लाख मामलों से 10.53 करोड़ रुपये जुर्माना
  6. मुख्यालय: 2.28 लाख मामलों से 17.82 करोड़ रुपये जुर्माना

ये भी पढ़े:

लगातार चल रहे हैं जांच अभियान

मध्य रेल अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने के लिए कई रणनीतियां अपनाती है, जिनमें स्टेशन चेक, एम्बुश चेक, फोर्ट्रेस चेक, गहन जांच और मेगा टिकट चेकिंग अभियान शामिल हैं। ये अभियान सभी मंडलों में चलने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों, पैसेंजर ट्रेनों और विशेष ट्रेनों के साथ-साथ मुंबई और पुणे मंडल की लोकल ट्रेनों में भी चलाए जा रहे हैं। मुंबई लोकल में कुछ फर्जी टिकट के मामले भी सामने आए हैं।

यात्रियों से अपील

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं द्वारा जारी वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। यात्री रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर, एटीवीएम मशीन, या IRCTC की वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।इसके अलावा यात्री अपने मोबाइल फोन पर RailOne App डाउनलोड करके भी टिकट बुक कर सकते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com