मानसून से पहले बीएमसी का बड़ा अभियान, 32 लाख घरों की जांच कर नष्ट किए मच्छरों के ठिकाने

BMC Mosquito Control Drive: मानसून से पहले डेंगू और मलेरिया के खतरे को देखते हुए बीएमसी ने मच्छर नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है। अब तक 32 लाख से अधिक घरों की जांच कर धूम्र छिड़काव किया जा चुका है।
BMC Mosquito Control Drive News
BMC मच्छर कंट्रोल कैंपेन (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

BMC Mosquito Control Drive News: मानसून से पहले डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे को देखते हुए बीएमसी ने मच्छर नियंत्रण अभियान को तेज कर दिया है।

मनपा के कीटनाशक विभाग ने जनवरी 2026 से 27 मई 2026 तक शहर और उपनगरों में व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण, धूम्र छिड़काव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की कार्रवाई की है।

बीएमसी के अनुसार पिछले लगभग पांच महीनों में 32 लाख 51 हजार 623 घरों की जांच की गई, जबकि 30 लाख 17 हजार 220 घरों के आसपास धूम्र छिड़काव किया गया। मनपा की इस विशेष कार्रवाई के दौरान डेंगू फैलाने वाले एडीज एजिप्टी मच्छरों के लार्वा 37 हजार 800 स्थानों पर पाए गए, जबकि मलेरिया के वाहक एनोफिलीस स्टीफेन्सी मच्छरों के लार्वा 4 हजार 529 स्थानों पर मिले।

संक्रमण फैलने की संभावना को कम करने का प्रयास

विभागीय टीमों ने इन सभी स्थानों को तत्काल नष्ट कर संक्रमण फैलने की संभावना को कम करने का प्रयास किया। बीएमसी प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जलभराव और जमा पानी के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ती है, इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी 26 प्रशासनिक वार्डों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अब तक 22 हजार 80 क्षेत्रीय निरीक्षण किए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान इमारतों की पानी की टंकियों, झोपड़पट्टियों में रखे पानी के डूम, प्लास्टिक और तिरपाल में जमा पानी, पुराने टायर, गमलों के नीचे रखी प्लेटें, नारियल के खोल, फेंकी गई पानी की बोतलें और अन्य कबाड़ सामग्री की जांच की गई।

मनपा आयुक्त कर रही अभियान की समीक्षा

  • मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की समीक्षा कर रही हैं।
  • उन्होंने बताया कि कीटनाशक विभाग के एक हजार से अधिक कर्मचारी और अधिकारी लगातार मैदान में काम कर रहे हैं।
  • उनके अनुसार केवल धूम्र छिड़काव ही नहीं, बल्कि मच्छरों के उत्पत्ति स्थलों को समाप्त करना सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
  • बीएमसी ने यह भी जानकारी दी कि शहर में चल रहे करीब चार हजार पुनर्विकास परियोजनाओं में सुरक्षा अधिकारियों को मच्छर नियंत्रण उपायों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
  • इसके अलावा 540 पुराने टायर और 1 लाख 16 हजार 251 कबाड़ वस्तुओं को हटाया गया, जो मच्छरों के पनपने का कारण बन सकते थे।
  • मनपा ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखें, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com