कांग्रेस-भाजपा में छिड़ी बहस, मुंबई भाजयुमो का कांग्रेस के तिलक भवन पर आंदोलन, AI समिट प्रदर्शन का दिया जवाब

BJYM Mumbai Protest: मुंबई में भाजपा युवा मोर्चा ने तिलक भवन के बाहर युवक कांग्रेस के कथित प्रदर्शन के विरोध में जोरदार आंदोलन किया, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
Tilak Bhavan Protest
Youth Congress demonstration (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tilak Bhavan Protest: दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में युवक कांग्रेस द्वारा कथित रूप से कपड़े उतारकर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मुंबई में निषेध आंदोलन किया।

शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई की ओर से महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, तिलक भवन पर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो मुंबई के महामंत्री दीपक सिंह के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मुंबई के दादर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन पहुंचे और नारेबाजी की।

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर नारेबाजी

दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में जाकर देश-विरोधी कृत्य किया है। जब पूरी दुनिया भारत को एआई क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व के रूप में देख रही है, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट उतारकर “PM is compromised” और इंडिया-यूएस ट्रेड डील जैसे नारे लगाकर कार्यक्रम में अराजकता फैलाई। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे भारत की वैश्विक छवि धूमिल होती है और यह युवा भारत की प्रगति पर सीधा हमला है।

“टॉपलेस नहीं, शेमलेस”-तिवाना

भाजयुमो मुंबई के अध्यक्ष व नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह व्यवहार बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट में विश्वभर से नेता भाग ले रहे थे और ऐसे समय में किया गया यह प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पोस्टर लेकर उनके खिलाफ नारे भी लगाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com