

Amit Thackeray PM Modi Photo Controversy Pune: पुणे के एक कॉलेज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो हटाने के बाद बीजेपी और मनसे में ठन गई है। इस मामले को लेकर मंगलवार को मुंबई के माहिम-दादर इलाके में बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच बीजेपी व मनसे कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोन पक्ष आपस में भिड़ गए। इससे क्षेत्र में तनाव निर्माण हो गया। बढ़ते विवाद को देखते हुए माहिम और दादर इलाके में पुलिस का भारी बंदोबस्त तैनात किया गया है।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे के पुत्र अमित ठाकरे के खिलाफ माहिम में भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। इस विधानसभा क्षेत्र से अमित चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन वे चुनाव हार गए थे। इस बीच बीजेपी प्रदर्शनकारी राज ठाकरे के दादर स्थित आवास शिवतीर्थ की ओर बढ़े। शिवतीर्थ और मनसे कार्यालय के बाहर मनसे कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
मनसे कार्यकर्ता बीजेपी को चुनौती देने लेगे। जब बीजेपी प्रदर्शनकारी शिवतीर्थ इलाके में नहीं पहुंचे तो मनसे कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के विरोध स्थल की ओर कूच कर दिया। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बीजेपी और मनसे के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस बीच भारी संख्या में मनसे कार्यकर्ता शिवतीर्थ के आसपास जमा हो गए थे। स्थिति गंभीर होता देख एहतियातन दादर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में मनसे नेता गजानन काले सहित कई मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। साथ ही बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। मनसे नेताओं ने चेताया है कि बीजेपी की सीनाजोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जैसे को वैसा ही जवाब दिया जाएगा।
बीजेपी मुंबई युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मनसे के राजगढ़ कार्यालय के बाहर आंदोलन किया गया।
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम के मार्गदर्शन में भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष कृष्णराज महाडिक और भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे की तस्वीर पर जूते मारकर तीव्र निषेध व्यक्त किया। पीएम मोदी की तस्वीर हटाए जाने की घटना के विरोध में नारेबाजी की गई।
भाजयुमो ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होने दिया जाएगा।
पूरा मामला पुणे के एक सरकारी टेक्निकल कॉलेज से जुड़ा हुआ है। अमित ठाकरे युवाओं से मुलाकात कर रहे हैं। अमित ने कॉलेज सुपरिंटेंडेंट और प्रिंसिपल से कैंटीन में मिलने वाले खाने व खिलाड़ियों के लिए कोच की कमी के बारे में सवाल किए। एक छात्र ने कहा कि वहां छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के बगल में पीएम मोदी की फोटो लगी है। अमित ने मोदी की फोटो हटाने को कहा।
मनसे कार्यकर्ताओं ने फोटो हटा दी। तबसे भाजपा कार्यकर्ता आक्रामक हो गए हैं। मोदी की फोटो हटाने के मामले में अमित के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अमित समेत 25 लोगों के खिलाफ बिना अनुमति के कॉलेज में घुसने के लिए चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।