ढोंगी गुड्डे हैं राउत और उद्धव... गूंगी गुड़िया विवाद पर भड़के BJP नेता, याद दिलाया नारायण राणे का वो किस्सा

Navnath Ban On Goongi Gudia Row: सुनेत्रा पवार पर गूंगी गुड़िया टिप्पणी को लेकर BJP नेता नवनाथ बन ने संजय राउत व उद्धव पर साधा निशाना। राउत को ढोंगी गुड्डा बता याद दिलाई राणे की गिरफ्तारी।
bjp leader navnath ban attacks sanjay raut uddhav thackeray over sunetra pawar remark
संजय राउत और उद्धव ठाकरे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

BJP Leader Navnath Ban Attacks Sanjay Raut: महाराष्ट्र की राजनीति में जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेता नवनाथ बन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना ठाकरे गुट नेता संजय राउत और उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने संजय राउत को ढोंगी गुड्डा करार देते हुए उनके द्वारा सुनेत्रा पवार पर की गई गूंगी गुड़िया वाली टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है।

नवनाथ बन ने कहा कि संजय राउत जिस तरह से सुनेत्रा पवार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किए गए गूंगी गुड़िया जैसे अपमानजनक शब्द का समर्थन कर रहे हैं, वह शर्मनाक है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अगर इसी भावना की बात की जाए, तो संजय राउत और उनके मालिक उद्धव ठाकरे को गूंगी गुड़िया नहीं, बल्कि ढोंगी गुड्डा कहना चाहिए।

बन के अनुसार, ये दोनों नेता महाराष्ट्र में केवल ढोंग और पाखंड की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर इस तरह की ओछी टिप्पणी करते हैं, वे खुद सबसे बड़े ढोंगी हैं।

याद दिलाई पुरानी खुन्नस

संजय राउत के उस तर्क पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि टिप्पणी व्यक्ति पर नहीं बल्कि पद पर की गई थी, नवनाथ बन ने उन्हें आईना दिखाया। बन ने याद दिलाया कि जब नारायण राणे ने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कामकाज पर टिप्पणी की थी, तब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

उन्होंने सवाल किया कि उस वक्त राउत को यह ज्ञान क्यों नहीं आया कि टिप्पणी मुख्यमंत्री के पद पर थी, न कि व्यक्ति पर? इतना ही नहीं, उन्होंने कंगना रनौत के घर तोड़े जाने और मोहित कंबोज को नोटिस दिए जाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए इसे उद्धव सरकार का व्यक्तिगत द्वेष करार दिया।

हिंदुत्व को तिलांजलि और जनाब की राजनीति

नवनाथ बन ने उद्धव ठाकरे और संजय राउत पर बालासाहेब ठाकरे के विचारों को पैरों तले रौंदने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे पर 25 साल तक उनके साथ रही, उसे छोड़कर अब ये लोग कांग्रेस की गोद में जा बैठे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब ये दोनों जनाब संजय राउत और जनाब उद्धव ठाकरे बन गए हैं, जिन्हें अब हिंदुत्व से ज्यादा अजान स्पर्धा और औरंगजेब फैन क्लब चलाने में रुचि है।

bjp leader navnath ban attacks sanjay raut uddhav thackeray over sunetra pawar remark
EXPLAINER: डॉक्टरों की हड़ताल से चरमराई महाराष्ट्र की स्वास्थ्य व्यवस्था, जानें क्या है मिक्सोपैथी विवाद?

विकास बनाम वसूली की राजनीति

प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाविकास अघाड़ी सरकार के दौरान लगे 100 करोड़ की वसूली के आरोपों को भी उछाला गया। नवनाथ बन ने कहा कि जहाँ देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मेट्रो, कोस्टल रोड और अटल सेतु जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स तेजी से पूरे हुए, वहीं उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में केवल वसूली, भ्रष्टाचार और प्रोजेक्ट्स को रोकने का काम हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुंबई नगर निगम को 25 साल तक लूटने वालों की अब कमीशनखोरी बंद हो गई है, इसलिए वे बौखलाहट में भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com