किसानों के साथ दिवाली मनाना दिखावा, उनकी समस्याएं अब भी बरकरार; अरविंद सावंत का फडणवीस-शिंदे पर हमला

Arvind Sawant Criticize BJP: अरविंद सावंत ने फडणवीस और शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के साथ दिवाली मनाने से उनकी समस्याएं दूर नहीं होतीं। महंगाई, बेरोजगारी और किसान संकट पर भी उठाए सवाल।
arvind sawant farmers diwali fadnavis eknath shinde criticism
अरविंद सावंत सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सरकार किसानों का प्रेम दिखाने के लिए इस तरह के विशेष कार्यक्रम आयोजित करती है।

  • जिन किसानों की स्थिति खराब है, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए क्या हो रहा है?

  • शहरों में बैठकर किसानों की वास्तविक और जमीनी स्थिति को कभी नहीं समझा जा सकता।

Arvind Sawant Criticism On Devendra Fadnavis: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए किसानों के साथ दिवाली मनाने के कार्यक्रमों को दिखावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि किसी किसान के साथ बैठकर खाना खाने या एक निवाला खा लेने से उसकी समस्याएं दूर नहीं होतीं।

किसानों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए गांवों और आदिवासी इलाकों में जाकर देखना चाहिए कि उनके घरों में चूल्हा जल रहा है या नहीं और उन्हें दो वक्त का भोजन मिल रहा है या नहीं।

किसानों के साथ दिवाली मनाना दिखावा

सोमवार को विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सावंत ने कहा कि सरकार किसानों के प्रति प्रेम दिखाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती है, लेकिन जमीनी हालात अब भी नहीं बदले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन किसानों की आर्थिक स्थिति खराब है, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार क्या कर रही है?

सावंत ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्हें जिले का प्रभारी बनाया गया था, तब उन्होंने गांवों में जाकर गरीबी को करीब से देखा था। शहरों में बैठकर किसानों की वास्तविक स्थिति नहीं समझी जा सकती।

किसानों को 5 हजार रुपये भी नहीं मिले

सावंत ने किसानों की आत्महत्या, महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने किसानों को पांच हजार रुपये की सहायता दिए जाने का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह राशि भी कई लोगों तक नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि किसान संकट में हैं, आम लोग महंगाई से परेशान हैं और प्रदूषण जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं।

शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए सावंत ने कहा कि इस तरह की राजनीतिक चर्चाओं के बजाय जनता के मुद्दों पर बात होनी चाहिए। शरद पवार एनडीए में आएं या नहीं, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि गरीबों के घरों में चूल्हा कब जलेगा और किसानों को राहत कब मिलेगी। उन्होंने सरकार से किसानों को बिजली उपलब्ध कराने, बेरोजगारी कम करने और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रोकने को लेकर भी सवाल किए।

दिमागी नक्सल कौन है?, पीएम मोदी की टिप्पणी पर सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भारत को नक्सल-मुक्त बनाने और 'दिमागी नक्सल' शब्द के इस्तेमाल पर भी सावंत ने आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर दिमागी नक्सल कौन है? क्या संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाने वालों को नक्सलवादी कहा जाएगा?

सावंत ने जंगलों और पर्यावरण के संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेड़ों की कटाई और प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सवाल उठना चाहिए। जो लोग जंगलों और पर्यावरण की रक्षा के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें दिमागी नक्सल नहीं कहा जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरों को इस तरह का नाम देने वालों को अपने आसपास भी देखना चाहिए।

arvind sawant farmers diwali fadnavis eknath shinde criticism
किसी की दिवाली न बिगाड़ दें आपके पटाखे! मुंबई में आग की 137 घटनाओं के बाद मेयर रितू तावड़े की अपील

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर योगी को घेरा

12 दिसंबर को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन की योजना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी को भी सावंत ने चुनावी राजनीति का हिस्सा बताया। योगी ने कहा था कि अखिलेश यादव को अयोध्या आने और दर्शन करने से पहले साधु-संतों तथा रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए।

इस पर सावंत ने कहा कि यदि अखिलेश यादव मंदिर में दर्शन करने जा रहे हैं, तो इसे वहां के लोगों के पास जाने के तौर पर भी देखा जा सकता है। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे आरोपों का सामना कर रहे लोगों को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने ऊपर लगे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने अयोध्या और वाराणसी में भाजपा की चुनावी हार का भी उल्लेख किया।

arvind sawant farmers diwali fadnavis eknath shinde criticism
दिवाली के बाद मुंबई-नागपुर की हवा में बढ़ा प्रदूषण, पुणे और नासिक का AQI भी 100 पार; पढ़ें पूरी लिस्ट

पटाखों से ज्यादा नेताओं के बयानों से नुकसान

मुंबई में बीएमसी की ओर से 25 नवंबर तक रॉकेट और स्काई शॉट्स जैसी आतिशबाजी पर लगाई गई रोक के मुद्दे पर भी सावंत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी को लेकर की गई अपील अपने आप में गलत नहीं है। सभी जाति, पंथ और धर्म के लोगों को अच्छे मुद्दों पर साथ आकर बात करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले उन्हें अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए।

सावंत ने तंज कसते हुए कहा कि रॉकेट से जितनी आग लगती है, उससे कहीं ज्यादा नुकसान नेताओं के मुंह से निकलने वाले जहरीले बयानों से होता है। राजनीतिक दलों को समाज में नफरत फैलाने वाली बयानबाजी रोकने की कोशिश करनी चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय राजनीति और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए भी सावंत ने मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मीडिया को सच्चाई सामने रखने की हिम्मत दिखानी चाहिए।