अदाणी इलेक्ट्रिसिटी की सौगात! मुंबई के गणेश पंडालों को घरेलू दर पर मिलेगी अस्थायी बिजली, 48 घंटे में कनेक्शन

Mumbai Ganeshotsav 2026 : मुंबई में गणेश उत्सव के लिए अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने गणेश पंडालों के लिए घरेलू दर पर अस्थायी बिजली कनेक्शन की सुविधा शुरू की है।आवेदन के 48 घंटे के भीतर कनेक्शन मिल सकता है।
Adani Electricity Ganeshotsav
गणेशोत्सव और अडानी इलेक्ट्रिसिटी का लोगो(सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Adani Electricity Ganeshotsav: आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने शहर के गणेश पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार पंडालों को घरेलू दर पर अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया जाएगा, ताकि उत्सव के दौरान बिजली आपूर्ति भरोसेमंद बनी रहे।

कंपनी ने बताया कि गणेश पंडालों को आवेदन जमा करने के 48 घंटे के भीतर अस्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। पंडाल आयोजक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के ‘न्यू कनेक्शन’ सेक्शन में जाकर आवेदन कर सकते हैं।

पिछले साल 1,000 से ज्यादा पंडालों को बिजली

अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के प्रवक्ता के मुताबिक, पिछले वर्ष मुंबई में 1,000 से अधिक गणेश पंडालों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई गई थी। कंपनी का कहना है कि इस वर्ष कनेक्शन की मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाने और पूरे उत्सव के दौरान भरोसेमंद बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या के तत्काल समाधान के लिए कंपनी ने अपनी क्विक रिस्पॉन्स टीम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात करने की बात कही है।

167 विसर्जन स्थलों पर 2,958 फ्लडलाइट्स

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने 167 से अधिक विसर्जन स्थलों पर 2,958 फ्लडलाइट्स के जरिए रोशनी की व्यवस्था करने की जानकारी दी है।

कंपनी ने पंडाल आयोजकों से बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आयोजकों को वायरिंग के लिए केवल अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

Adani Electricity Ganeshotsav
मातोश्री पहुंचीं DMK सांसद कनिमोझी! कांग्रेस से नाराजगी के कारण बदलेगा समीकरण? INDIA एलायंस में हलचल तेज

बिजली सुरक्षा के लिए कई निर्देश

अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के अनुसार पंडाल की वायरिंग पूरी तरह तैयार रखना, मीटर केबिन में केवल अधिकृत कर्मचारियों को प्रवेश देना और मानक वायर व स्विच का इस्तेमाल करना जरूरी है। आपात स्थिति के लिए सिंगल आइसोलेशन पॉइंट, मानक इंसुलेशन टेप से तारों की सुरक्षा और मीटर केबिन तक पहुंच का रास्ता साफ रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव पंडाल का कनेक्टेड लोड स्वीकृत लोड से अधिक नहीं होना चाहिए। मीटर केबिन के पास संचालन निर्देशों वाला फायर एक्सटिंग्विशर, डेंजर बोर्ड और उचित अर्थिंग की व्यवस्था जरूरी है।

Adani Electricity Ganeshotsav
Yavatmal Ka Raja: यवतमाल का राजा के आगमन की जोरदार तैयारी, 14 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

अनधिकृत कनेक्शन से बचने की अपील

अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने पंडालों में अनधिकृत एक्सटेंशन या सीधे बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल नहीं करने और वायरिंग में अनावश्यक जोड़ नहीं बनाने की अपील की है। मीटर केबिन के प्रवेश द्वार को बाधित नहीं किया जाना चाहिए।

इसके अलावा, आम लोगों को फ्लडलाइट्स, पेडेस्टल्स, पंखों या इंसुलेटेड वायरिंग जॉइंट्स तक पहुंचने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। कंपनी ने कहा कि सुरक्षित बिजली व्यवस्था से गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आयोजकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com