भायखला में पेड़ गिरने से 1 मौत, 3 घायल, 10 लोगों की अब तक बारिश ने ली जान, 15 घायल

thane-rain
File Photo
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: मुंबई में पिछले 6 दिनों से भारी बारिश हो रही है। गुरुवार की देर रात तकरीबन ढाई बजे भायखला में एक घर पर वृक्ष गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। मुंबई में बारिश अब तक 10 लोगों की जान ले चुकी है और 15 लोग घायल हुए हैं। मुंबई व उपनगरों और आस-पास के जिलों में भारी बारिश हो रही है। देर से पहुंची बारिश से लोग खुश हैं, लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई है। बीएमसी ने लोगों से पेड़ के नीचे और जर्जर भवनों से दूर रहने की हिदायत दी है, लेकिन बावजूद इसके लोगों की हादसों में जानें जा रही हैं। गुरुवार को देर रात मुंबई के भायखला के इंदु ऑयल मिल परिसर में घर पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद लोग बचाव के लिए दौड़े लेकिन पेड़ इतना भारी था कि घर में फंसे लोगों को बचाने में मददगार सफल नहीं हो सके। दुर्घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई।

उपनगरों में भारी बारिश दर्ज

दमकल विभाग के जवानों ने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल विभाग के जवानों ने घर में फंसे सभी को निकाल कर नजदीकी जे.जे. अस्पताल पहुंचाया। हालांकि 22 वर्षीय युवक रहमान खान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक रिजवान खान का इलाज चल रहा है। एक युवक को मामूली चोटें आई हैं। मुंबई और उपनगरों के बोरीवली, कांदिवली, मालाड, अंधेरी, गोरेगांव, दहिसर इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। पिछले 6 दिनों में मुंबई के कुलाबा में 371.4 मिमी और सांताक्रुज में 485 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। निचले इलाकों पानी भरने की समस्याएं भी खड़ी हो रही है, तो कुछ जगहों पर पेड़, घर गिरने की घटनाएं भी हो रही हैं। शार्ट-सर्किट की भी कई घटनाएं हुई हैं। बीते 2 दिनों में पेड़ गिरने की 3 घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो चुकी है और 7 लोग जख्मी हुए हैं।

 बेस्ट बस के रूट में बदलाव 

अषाढ़ी एकादशी और बकरीद का त्योहार होने से आज सरकारी छुट्टी है, लेकिन भारी बारिश के कारण त्योहार मनाने में भी परेशानी आ रही है। वडाला स्थित विट्ठल मंदिर पर भीगने के बाद भी दर्शन करने वाले भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। भीड़ के कारण बेस्ट की कई बसों के रुट बदले गए हैं बस नंबर 63, 200, सी 440,सी 52, 8, ए 357, ए375, ए 376, 383, 411,67,169,172,165 के मार्ग में बदलाव कर चलाया गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com