आला रे आला मानसून आला... मुंबई में बारिश ने तोड़ा 107 सालों का रिकॉर्ड!

मुंबई में बारिश ने 107 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शहर में मानसून समय से काफी पहले ही पहुंच गया है।
मुंबई में बारिश ने तोड़ा 107 साल का रिकॉर्ड (photo credit; social media)
मुंबई में बारिश ने तोड़ा 107 साल का रिकॉर्ड (photo credit; social media)
Published on
Updated on

मुंबई : महाराष्ट्र के मुंबई में मूसलाधार बारिश जारी है। सोमवार को मानसून के पहले दिन ही शहर में 107 वर्षों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में बारिश के साथ ही शहर में मानसून भी सामान्य से 16 दिन पहले ही आ गया है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 26 मई 2025 को मुंबई की ओर बढ़ गया। जबकि इसकी सामान्य तिथि 11 जून है। इस प्रकार, मानसून सामान्य से 16 दिन पहले ही मुंबई में आ गया है। आईएमडी द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, यह 2001-2025 की अवधि के दौरान मुंबई में सबसे पहले मानसून की प्रगति को दर्शाता है।

मुंबई में बारिश ने तोड़ा 107 साल पुराना रिकॉर्ड

भारी बारिश और जलभराव की समस्या के अलावा, मुंबई की बारिश ने 1918 का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के रिकॉर्ड से पता चलता है कि दक्षिण मुंबई के कई हिस्सों में रविवार आधी रात से सोमवार सुबह 11 बजे के बीच 200 मिमी से अधिक बारिश हुई। इसके अलावा, कोलाबा वेधशाला में मुंबई में सबसे ज्यादा 295 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछला रिकॉर्ड मई 1918 में 279.4 मिमी बारिश के साथ बना था।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आईएमडी के आंकड़ों में कहा गया है कि सोमवार को सुबह 8:30 से 11 बजे के बीच कोलाबा में 105.2 मिलीमीटर, सांताक्रूज़ (55 मिमी), बांद्रा (68.5 मिमी), जुहू एयरपोर्ट (63.5 मिमी), चेंबूर (38.5 मिमी), विक्रोली (37.5 मिमी), महालक्ष्मी (33.5 मिमी) और सायन (53.5 मिमी) में बारिश हुई।

75 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून

मई में हुई बारिश मुंबई में 75 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून का भी प्रतीक है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में मानसून के मौसम की शुरुआत की औसत तिथि 11 जून है। 2024 में, दक्षिण-पश्चिम मानसून 6 जून को शुरू हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 26 मई को मुंबई में दस्तक दी। पिछले 75 वर्षों में मानसून ने बहोत पहले ही दस्तक दी है।

मुंबई के साथ केरल और तमिलनाडु में भी अलर्ट

हालांकि, क्षेत्र में रेड अलर्ट के साथ, मौसम विभाग ने आधिकारिक तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत को सामान्य से 16 दिन पहले ही चिह्नित कर दिया है। सोमवार को आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए अपने 'ऑरेंज' अलर्ट को रेड अलर्ट में अपग्रेड किया। मुंबई में चेतावनी के साथ ही आईएमडी ने कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों के लिए भी अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने कहा, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, बेंगलुरु सहित कर्नाटक, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, मिजोरम के शेष हिस्सों, पूरे त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com