

Mumbai Heatwave Breaks 57 Year Record News: मानसून की देरी के कारण मुंबईवासी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। इस बीच गर्मी के पारे ने 57 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। दिन में सूरज आग उगल रहा है और रातें भी तप रही हैं।
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आस-पास दर्ज किया जा रहा है। मुंबई शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, यह सामान्य तापमान से 3।5 डिग्री अधिक है।
सांताक्रूज में भी तापमान लगभग इतना ही था। मानसून में देरी होने की वजह से मौसम में काफ़ी बदलाव आया है। मुंबई के कोलाबा में 57 वर्षों में जून महीने में न्यूनतम तापमान 30,2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग, मुंबई के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार मानसून की देरी के कारण ज्यादा ह्युमिडिटी बनी हुई है। बारिश दक्षिण कोंकण तक पहुंच गई है। लेकिन मुंबई वासियों को अगले कुछ दिनों तक बारिश का इंतजार करना होगा और भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी, कोलाबा मौसम केंद्र ने साल 1841 से मौसम मापना शुरू किया था।
वहां का अधिकतम तापमान का डेटा 1969-70 से ही मौजूद है। अभी मौजूद रिकॉर्ड के अनुसार 30.2 डिग्री सेल्सियस का न्युनतम तापमान पिछले 57 साल में जून महीने का सबसे अधिक तापमान है। मुंबई में पिछले एक सप्ताह से लगातार कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है, मुंबई में मानसून के आने की अधिकृत तारीख 11 जून है। लेकिन अभी तक मानसून सक्रिय नहीं हुआ है। दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।