

Mumbai Central Railway 12 Local Trains Cancelled: सोमवार 29 जून से मुंबई के आम लोकल यात्रियों की तकलीफें बढ़ने वाली है। क्योंकि मध्य रेल ने अपनी मुख्य लाइन पर चलने वाली 12 लोकल फेरियों को रद्द करने का फैसला लिया है।
ये 12 लोकल, जो सोमवार से कैंसिल की जा रही है, मुंबई सीएसएमटी से ठाणे, कल्याण, टिटवाला, घाटकोपर, कुर्ला के बीच पीक आवर में अप-डाउन चलती रही हैं। इन कैंसल की जा रही लोकल के समय पर ही मध्य रेल के मुंबई मंडल प्रशासन ने 12 एसी लोकल फेरियां चलाने का निर्णय लिया है। इस अजीबोगरीब फैसले से आम यात्री हैरान हैं।
ऐसे समय जब मुंबई व उपनगरों की आबादी बढ़ने के साथ मध्य रेल की मुख्य लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेनों में यात्रियों का भार लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण लगातार 15 डिब्बों की लोकल चलाने और लोकल फेरियों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है। तब मध्य रेल अधिकारियों का लोकल फेरियां कैंसिल करने का फैसला हर किसी को हैरान और आक्रोशित कर रहा है।
यदि 12 साधारण लोकल सोमवार से कैंसिल होंगी तो इससे लगभग 40 से 50 हजार यात्री बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, पीक आवर के दौरान एक लोकल में 5 से 6 हजार यात्री कष्ट भरा सफर करते हैं। अब 29 जून से 12 लोकल कैंसिल होने पर हजारों यात्रियों के सामने यह संकट खड़ा हो जाएगा कि वे किस तरह यात्री करें?
उनके सामने एक ही विकल्प होगा कि वे अपनी रोजाना की नियमित लोकल, जो कैंसिल की जा रही है, को छोड़ दूसरी लोकल ट्रेन से यात्रा के लिए मजबूर होंगे। लेकिन दूसरी लोकल ट्रेनें तो पहले से ही पीक आवर में पैक चलती हैं, ऐसे में उन कैंसिल लोकल के यात्री क्या अपनी जान जोखिम में डालकर छतों पर बैठकर या लटक कर यात्रा करेंगे। वैसे भी मुंबई की लोकल ट्रेनों में अत्याधिक भीड़ की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिनको रोकने के लिए रेलवे के पास कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है।
ठाणे से टिटवालाः समय सुबह 5:35 बजे
मुंबई सीएसएमटी से घाटकोपरः समय सुबह 8:37 बजे
मुंबई सीएसएमटी से कुर्लाः समय सुबह 10:00 बजे
मुंबई सीएसएमटी से ठाणेः समय शाम 5:12 बजे
मुंबई सीएसएमटी से कल्याणः समय शाम 7:18 बजे
मुंबई सीएसएमटी से ठाणेः समय रात 11:00 बजे
टिटवाला से मुंबई सीएसएमटी समय सुबह 6:46 बजे
घाटकोपर से मुंबई सीएसएमटी समय सुबह 9:16 बजे
कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी समय शाम 4:34 बजे
ठाणे से मुंबई सीएसएमटी समय शाम 6:16 बजे
कल्याण से कुर्ला समय रात 9:04 बजे
कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी समय रात 10:22 बजे