मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त रनवे से फिसला एयर इंडिया का विमान, 3 टायर फटे

Plane Tyre Burst: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार की सुबह अफरातफरी मच गई। कोच्चि से मुंबई आ रहा एयर इंडिया का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। विमान के टायर भी फट गए।
mumbai airport air india plane skipped
मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त रनवे से फिसला एयर इंडिया का विमान, फोटो: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Airport News: भारी बारिश के बीच एअर इंडिया का एक विमान छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे से फिसल गया। लैंडिंग के दौरान हुए इस हादसे में तीनों टायर फट गए और वह कीचड़ में चला गया। विमान में हल्का डैमेज भी हुआ। गनीमत की बात ये रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे। किसी को भी चोट नहीं आई है।

एयर इंडिया की AI 2744 नाम की फ्लाइट (एयरबस A320 VT-TYA) कोच्चि से मुंबई आ रही थी। मुंबई में तेज बारिश भी हो रही थी। इस दौरान जब विमान ने लैंड करने की कोशिश की तो वह फिसल गया। विमान के तीनों टायर भी फट गए और कीचड़ में उतर जाने के कारण विमान में भी कुछ नुकसान भी हुआ है। विमान फिसलकर मेन रनवे 27 से 16-17 मीटर दूर जाकर टैक्सीवे पर रुक गया। गनीमत ये रही कि इसमें कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित हैं। इस हादसे में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।

यात्री सुरक्षित, ग्राउंड किया गया विमान

विमान के फिसलते ही यात्रियों में हलचल मच गई। लोग पूरी तरह से घबरा गए। विमान फिसलने के तुरंत बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंच गई और मौके की जायजा लिया। विमान के गेट तक पहुंच जाने के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को उतार लिया गया। विमान को जांच के लिए ग्राउंड भी कर दिया गया है।

एयर इंडिया ने घटना पर क्या कहा

घटना की पुष्टि करते हुए एयर इंडिया ने कहा, “फ्लाइट AI2744 कोच्चि से मुंबई आ रही थी और लैंडिंग के वक्त भारी बारिश के चलते रनवे से फिसल गई है। विमान सुरक्षित गेट तक पहुंच गया और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल विमान को जांच के लिए ग्राउंड किया गया है। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है।”

इसके साथ ही एयरपोर्ट की ओर से भी बयान जारी करते हुए कहा गया ‘सुबह 9:27 बजे कोच्चि से आने वाला विमान रनवे से फिसल गया था। इमरजेंसी टीम तुरंत सक्रिय हो गई थी। मुख्य रनवे पर हल्का नुकसान हुआ है। इसके चलते सेकेंडरी रनवे 14/32 को चालू कर दिया गया है।’

Navbharat Live
navbharatlive.com