मोहपा महावितरण की लापरवाही से संतरे के बाग और गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, किसान का लाखों का नुकसान

Mahavitaran News: सावंगी व्यवहारे गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण 100 संतरे के पेड़ और गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने महावितरण से मुआवजे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Mahavitaran News
Published on
Updated on

Mohpa Mahavitaran News: मोहपा समीप के सावंगी व्यवहारे गांव के खेत में महावितरण की 3फेज बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग के कारण भीषण आग लग गई, जिससे एक किसान को भारी नुकसान हुआ।

मोहपा निवासी मंगला सुधाकरराव ढगे की सावंगी परिसर में करीब 2 एकड़ जमीन है, जिसमें लगभग 100 संतरे के पेड़ हैं। इसी बाग में उन्होंने इस वर्ष गेहूं की फसल भी लगाई थी। ढगे ने यह जमीन मोहगांव के सुनील नांदे को ठेके पर दी थी।

इस खेत से महावितरण की तीनफेज बिजली लाइन जाती है। शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से जमीन पर पड़े सूखे पत्तों और घास में आग लग गई। हवा और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैल गई और खेत में मौजूद 100 संतरे के पेड़ तथा कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

इसमें अंबिया बहार के संतरे का लगभग 5 से 7 टन उत्पादन भी नष्ट हो गया। इसमें लाखों रुपये के नुकसान का प्राथमिक अनुमान है।

परिवार पर गहराया आर्थिक संकट

नांदे ने इस फसल के लिए लगभग 80 से 90 हजार रुपये खर्च किए थे और पिछले 8 महीनों से कड़ी मेहनत की थी। लेकिन कटाई से ठीक पहले हुई इस घटना ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। इस हादसे से संबंधित परिवार पर बड़ा आर्थिक संकट आ गया है और क्षेत्र में शोक व्यक्त किया जा रहा है।

पंचनामा कर उचित मुआवजा देने की मांग

स्थानीय नागरिकों ने महावितरण की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तत्काल पंचनामा करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके लिए कलमेश्वर के तहसीलदार, तहसील कृषि अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, महावितरण, मोहपा को ज्ञापन सौंपा गया है। इस मामले को गंभीरता से लेकर प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com