महिलाओं के पद पर नहीं होगी पुरुषों की नियुक्ति, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया आश्वासन

devendra fad
Published on: 
Updated on: 

नागपुर/मुंबई: राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) ने आश्वस्त किया है कि सेवाओं में महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित पद पर किसी भी कीमत पर पुरुषों की नियुक्ति नहीं की जाएगी। सरकारी, अर्धसरकारी और शासन अनुदानित संस्थाओं की सेवा में भर्ती के लिए 30 प्रतिशत पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं, लेकिन योग्य महिला उम्मीदवार नहीं मिलना बता कर पुरुषों की नियुक्ति की जाती है। मंगलवार को विधानसभा में बीजेपी (BJP) की भारती लवेकर यह मुद्दा उठाया। 

बीजेपी की भारती लवेकर ने कहा कि महिला उम्मीदवारों को अवसर नहीं मिले, इसको लेकर जिला स्तर के छोटे अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित किया जाता है। तीन बार विज्ञापन प्रकाशित होने के बावजूद महिला उम्मीदवार का आवेदन नहीं मिलता है। फिर उस पद पर पुरुषों की नियुक्ति कर दी जाती है। इस पर महिला व बालविकास मंत्री मंगलप्रभात लोढा और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक उत्तर दिया है। मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने कहा कि जहां पर भी महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण लागू है, वहां पर महिला उम्मीदवारों की ही नियुक्ति की जाएगी।

विधायक मनीषा चौधरी ने दिया ये सुझाव

विधायक मनीषा चौधरी ने इस मुद्दे पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि जब तक महिला उम्मीदवार नहीं मिलती है तब तक विज्ञापन निकाला जाना चाहिए। संबंधित श्रेणी की महिला उम्मीदवार नहीं मिलने पर दूसरे श्रेणी की महिलाओं को यहां पर मौका दिया जाना चाहिए। उप मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में महिला की जगह को महिला को छोड़ कर दूसरा नहीं ले सकता है।