

Maharashtra Weather Today: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों और शहरों के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिससे कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत में सक्रिय प्रणालियों के प्रभाव से महाराष्ट्र में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
कोंकण क्षेत्र में मानसून की व्यापक सक्रियता बनी रहेगी। मुंबई में शनिवार को आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। यहा अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पालघर, ठाणे और रायगढ़ में भी हल्की बारिश होने की अधिक संभावना जताई गई है। वहीं, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के कारण मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पुणे में शनिवार को सुबह के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो शाम या रात तक घने हो सकते हैं। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पुणे शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। छत्रपति संभाजीनगर और जालना में हल्की बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, परभणी, बीड, नांदेड़, लातूर और धाराशिव जैसे जिलों में मौसम के शुष्क रहने की अधिक संभावना है।
विदर्भ क्षेत्र में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, आईएमडी के विस्तृत जिला चार्ट के अनुसार, नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गडचिरोली, अकोला और अमरावती सहित विदर्भ के लगभग सभी जिलों के लिए आज को कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। यहाँ हाल ही में हुई बारिश के बाद अब सूखे का दौर खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, हवा की गति 80 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।