महाराष्ट्र के सतारा में हिंसा प्रभावित गांव में अभी भी बंद है इंटरनेट, पुलिस की निगरानी में पूरा इलाका

File Photo
File Photo
Published on
Updated on

पुणे: महाराष्ट्र के सतारा जिले के पुसेसावली गांव में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भड़की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस गांव में कानून व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा के बाद निलंबित इंटरनेट सेवाएं बुधवार शाम तक बहाल होने की संभावना है।

सोशल मीडिया पर एक 'आपत्तिजनक' पोस्ट को लेकर रविवार रात पुसेसावली गांव में दो गुट आपस में भिड़ गये थे। पुलिस ने बताया था कि दंगाइयों ने कुछ घरों और वाहनों में आग लगा दी।   पुलिस के मुताबिक हिंसा में एक व्यक्ति मारा गया था जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गये थे। जिला प्रशासन के मुताबिक, गांव के हालात अभी नियंत्रण में हैं तथा वहां पुलिस बल तैनात है।

हिंसा के बाद पश्चिमी महाराष्ट्र जिले में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थी। इंटरनेट सेवा की बहाली संबंधी सवाल के जवाब में जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने कहा कि बुधवार शाम तक इसके बहाल होने की संभावना है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com