

नई दिल्ली: महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे आए हुए एक सप्ताह से भी अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी भी मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। महायुति गठबंधन में पहले बीजेपी और शिवसेना में सीएम पद को लेकर तकरार चली और आखिरी में एकनाथ शिंदे ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद अब इतना तो साफ है कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा।
अब बात आती है देवेंद्र फडणवीस की, क्या वो फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे या भाजपा हर बार कि तरह इस बार भी किसी नए चेहरे को आगे कर के सबको चौंकाएगी। फिलहाल गुरुवार को दिल्ली में देर रात तक बैठकों का दौर चला, लेकिन सीएम पद पर क्या फैसला हुआ यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
महाराष्ट्र के कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे का कहना है, ''बैठक अच्छी और सकारात्मक रही। यह पहली बैठक थी। हमारी अमित शाह और जेपी नड्डा से चर्चा हुई, महायुति की एक और बैठक होगी। इस बैठक में फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर बैठक मुंबई में होगी।''