Maharashtra Mlc Elections Mahayuti Nine And Mva Two Candidates Won
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति का दबदबा, 9 सीटों पर किया कब्ज़ा; कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के उम्मीदवार भी जीते
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति ने सबसे ज्यादा 9 सीटों पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है। जबकि, विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के सिर्फ दो उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में पंकजा मुंडे समेत भाजपा के पांचों उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। जबकि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और एनसीपी अजित पवार गुट के उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की।
मुंबई. महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति ने सबसे ज्यादा 9 सीटों पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है। जबकि, विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के सिर्फ दो उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में पंकजा मुंडे समेत भाजपा के पांचों उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। जबकि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और एनसीपी अजित पवार गुट के दो-दो उम्मीदवार ने भी जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के खाते में एक एक सीट गई है। हालांकि, एनसीपी शरद पवार गुट समर्थित शेकाप के जयंत पाटिल को हार का सामना करना पड़ा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार को मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक हुआ। कुल 274 विधायकों ने मतदान किया। चुनावी मैदान में कुल 12 उम्मीदवार थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
#WATCH | BJP leader Pankaja Munde celebrates with her supporters she wins Maharashtra MLC pollsAll 9 Mahayuti candidates have won Maharashtra MLC polls.
भाजपा ने इस चुनाव में अपने पांच उम्मीदवार उतारे थे। इन सभी ने जीत दर्ज कर ली है। पार्टी ने पंकजा मुंडे, परिणय फुके, योगेश टिलेकर, अमित गोरखे और सदाभाऊ खोत को उम्मीदवार बनाया था। पंकजा मुंडे को जीत के लिए जरूरी 23 वोटों से 3 वोट ज्यादा मिले। यानी उन्हें 26 वोट मिले। इतने ही वोट सदाभाऊ खोत को भी मिले हैं। वहीं, परिणय फुके को 23 वोट मिले हैं।
पवार और शिंदे के उम्मीदवार भी जीते
उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के राजेश विटेकर और शिवाजी राव गरजे ने जीत हासिल की है। दिलचस्प बात यह है कि गरजे एक अतिरिक्त वोट से जीते। उन्हें कुल 24 वोट मिले हैं। वहीं, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कृपाल तुमाने और भावना गवली ने भी जीत दर्ज कर ली है। भावना गवली को एक और कृपाल तुमाने को दो अतिरिक्त वोट मिले हैं।
कांग्रेस और उद्धव गुट के उम्मीदवारों की जीत
विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार प्रज्ञा सातव ने जीत हासिल की है। उन्हें जीत के लिए तय 23 वोट से 2 वोट ज्यादा मिले हैं। उन्हें 25 वोट मिले हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के मिलिंद नार्वेकर ने भी जीत दर्ज कर ली है। उन्हें 23 वोट मिले हैं। हालांकि, शरद पवार समर्थित शेकाप के जयंत पाटिल को हाल मिली है। उन्हें सिर्फ 12 वोट मिले हैं।
Maharashtra mlc elections mahayuti nine and mva two candidates won