महाराष्ट्र: औरंगाबाद में अजंता की गुफाओं के पास सेल्फी ले रहा शख्स झरने में गिरा

death
File Photo
Published on
Updated on

औरंगाबाद: महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में प्रसिद्ध अंजता की गुफाओं के निकट 30 वर्षीय एक व्यक्ति सेल्फी लेने के दौरान झरने में गिर गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को घटना के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को बचाया। सोयगांव तालुका में नंदाटांडा के निवासी गोपाल चव्हाण रविवार को अपने चार दोस्तों के साथ अंजता की गुफा गए थे। गुफाओं की यात्रा के बाद व्यक्ति ‘अजंता व्यू प्वाइंट' पहुंचा।

‘अजंता व्यू प्वाइंट' और गुफा परिसर के बीच सप्तकुंड झरना है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति जब सेल्फी ले रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह झरने में गिर गया। व्यक्ति तैराना जानता था और वह किनारे तक पहुंच गया, जहां उसने एक पत्थर को पकड़ रखा था और मदद का इंतजार कर रहा था।

उसके एक दोस्त ने भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मी और पुलिस को सूचित किया और घटना के बारे में बताया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम बाद में मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे के बचाव प्रयासों के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया।(एजेंसी )

Navbharat Live
navbharatlive.com