

ज्य में पुराने वाहनों की कुल संख्या 2,10,27,718 है।
अब तक 1,11,32,528 वाहनों की HSRP बुकिंग हुई है।
केवल 98,61,965 वाहनों पर ही HSRP लगाई जा सकी है।
बुकिंग कराने वाले करीब 12.70 लाख वाहन मालिक प्लेट लगने का इंतजार कर रहे हैं।
HSRP Installation Status Old Vehicles Number Plate: महाराष्ट्र में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाने का काम दो साल बाद भी आधा भी पूरा नहीं हो पाया है। परिवहन विभाग की अब तक की आधिकारिक स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार राज्य के कुल पुराने वाहनों में से 53.10 प्रतिशत वाहनों पर अब तक HSRP नहीं लगी है। यानी 2.10 करोड़ से अधिक पुराने वाहनों में से 1.11 करोड़ से ज्यादा वाहन आज भी पुरानी नंबर प्लेट पर ही चल रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार राज्य में कुल पुराने वाहनों की संख्या 2,10,27,718 है। जिनमें से अब तक सिर्फ 1,11,32,528 वाहनों की ही बुकिंग हुई है, जो कुल वाहनों का 52.94 प्रतिशत है। बुकिंग के बाद प्लेट लगाने यानी एफिक्सेशन का काम तो और भी पीछे है।
अब तक सिर्फ 98,61,965 वाहनों पर ही प्लेट लगाई जा सकी है, जो कुल का मात्र 46.90 प्रतिशत है। बुकिंग कराने वाले करीब 12.70 लाख वाहन मालिक भी अभी प्लेट लगने का इंतजार कर रहे हैं। बुकिंग और एफिक्सेशन के बीच का यह बड़ा गैप सिस्टम की सुस्ती को दिखाता है।
महाराष्ट्र राज्य को HSRP के लिए तीन जोन में बांटा गया है और तीन अलग-अलग कंपनियों को काम दिया गया है, लेकिन किसी भी जोन में 50 प्रतिशत से ज्यादा एफिक्सेशन नहीं हो पाया है। जोन-1 में मेसर्स रोसमर्टा सेफ्टी सिस्टम्स लिमिटेड काम कर रही है। यहां कुल 70,04,651 पुराने वाहन हैं। इनमें से 38,73,691 वाहनों की बुकिंग हुई है, जो 55.30% है।
एफिक्सेशन सिर्फ 32,07,654 वाहनों पर हुआ है, यानी 45.79%, यह तीनों जोन में सबसे कम एफिक्सेशन है। जोन-2 में मेसर्स रियल मेजॉन इंडिया लिमिटेड के पास काम है। यहां कुल 70,10,700 वाहन हैं। बुकिंग 38,55,199 यानी 54.99 प्रतिशत और एफिक्सेशन 34,14,470 यानी 48.70 प्रतिशत हुआ है।
यह तीनों जोन में सबसे बेहतर प्रदर्शन है, लेकिन यह भी आधे से कम है। इसी तरह जोन-3 में मेसर्स एफटीए एचएसआरपी सॉल्यूशंस प्रा. लि. काम कर रही है। यहां कुल 70,12,367 वाहन हैं। बुकिंग सबसे कम 34,03,638 यानी 48.54 प्रतिशत ही हुई है। एफिक्सेशन 32,39,841 वाहनों पर हुआ है, जो 46.20 प्रतिशत है।
हाई सिक्युरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट यानी HSRP का मकसद वाहनों की चोरी, फर्जी नंबर प्लेट और अपराध में वाहनों के इस्तेमाल को रोकना है। इसमें लेजर कोड, होलोग्राम और नॉन-रिमूवेबल लॉक होता है। लेकिन आधे से ज्यादा वाहन अभी भी इस सुरक्षा घेरे से बाहर हैं। बार-बार डेडलाइन बढ़ाने के बावजूद काम की रफ्तार नहीं बढ़ी है।
पिछले दिनों राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के संख्त निर्देश के बाद परिवहन आयुक्त ने सभी आरटीओ को नोटिस भी जारी किया था। उधर वाहन मालिकों का आरोप है कि बुकिंग स्लॉट, फिटमेंट सेंटर की दूरी और सर्वर की समस्या से उन्हें परेशानी हो रही है। अब सवाल यह है कि परिवहन विभाग बचे हुए 1.11 करोड़ वाहनों को HSRP के दायरे में कब तक लाएगा।