अमित शाह ने CM फडणवीस से की बात, जलगांव रेल हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख देने की घोषणा

महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने जलगांव जिले में हुए रेल हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम फडणवीस से बात की...
अमित शाह ने CM फडणवीस से की बात, जलगांव रेल हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख देने की घोषणा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबई: उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम को पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद दहशत में यात्री रेलगाड़ी से कूद गए। इसी समय कुछ यात्री पास की पटरी पर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गये और इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को जलगांव जिले में हुए रेल हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

स्विट्जरलैंड के दावोस से एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘‘ट्रेन में कुछ यात्रियों ने गलती से यह मान लिया कि रेलगाड़ी से धुआं निकल रहा है और वे कूद गए। दुर्भाग्य से, वे एक अन्य रेलगाड़ी की चपेट में आ गए। मैं इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा करता हूं। घायल यात्रियों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।''

मंत्री गिरीश महाजन कर रहे निगरानी

विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्रेय कराले ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि 11 शवों को जलगांव के निकटवर्ती सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जबकि 6 से 7 यात्री घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि ‘‘हमारे मंत्री गिरीश महाजन दुर्घटना के पीड़ितों के बचाव और सहायता की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। मैंने वहां (जलगांव में) जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बात की है।''

अमित शाह ने की फडणवीस से बात

इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में हुई रेल दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। अमित शाह ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि “महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ रेल हादसा अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर हादसे की जानकारी ली।”

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि “स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com