कोल्हापुर: इचलकरंजी बस स्टैंड पर बेकाबू कार ने यात्रियों को रौंदा, एक महिला की मौत, 5 घायल

Kolhapur Car Accident: महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। इचलकरंजी बस स्टैंड पर अनियंत्रित कार ने यात्रियों को कुचल दिया, जिससे एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
Ichalkaranji Bus Stand Car Accident
इचलकरंजी में यात्रियों को टक्कर मारने के बाद ST बस से जा भिंडी कार (सोर्स: साेशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ichalkaranji Bus Stand Car Accident: कोल्हापुर के इचलकरंजी के शिवतीर्थ केंद्रीय बस स्टैंड में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार यात्रियों की भीड़ में घुस गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद एक युवक ने खुद को चालक बताने की कोशिश तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा और भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर दी।

इचलकरंजी के शिवतीर्थ बस स्टैंड पर हुआ हादसा

इचलकरंजी के शिवतीर्थ केंद्रीय बस स्टैंड हुए हादसे में मृतक की पहचान नंदा वसंत कोली के रूप में हुई है। वे नियमित स्वास्थ्य जांच के बाद बस से अपने गांव लौटने के लिए बस स्टैंड पर इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक कार तेज रफ्तार से आई और सुरक्षा बैरिकेड तोड़ते हुए सीधे यात्रियों पर चढ़ गई। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि नंदा कोली कई फीट तक घिसटती चली गईं और वाहन के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

लोगों को रौंदने के बाद बस से टकराई कार

यात्रियों को टक्कर मारने के बाद कार बस स्टैंड पर खड़ी एक एसटी बस से जा टकराई। हादसे के समय बस स्टैंड पर अपेक्षाकृत कम भीड़ होने और कई लोगों के समय रहते हट जाने से बड़ा हादसा टल गया। फिर भी घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस हादसे में आदेश उपाध्ये, बसव्वा नरसिंग इंगले और फरीदा जाकिरहुसैन शेख घायल हुए हैं। अन्य दो घायलों का स्थानीय आईजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दूसरे युवक ने किया भ्रामक दावा

कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी में बस स्टैंड हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद एक युवक घटनास्थल पर पहुंचा और खुद को वाहन चालक बताने लगा। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके दावे को खारिज कर दिया और असली चालक को सामने लाने की मांग की। इससे नाराज लोगों ने कार पर हमला कर दिया और उसमें तोड़फोड़ की।

घटनास्थल पर मौजूद वाहन से पुलिस से जुड़े कुछ सामान मिलने के बाद वाहन के मालिक को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामले में संगीता विनोद कोली की शिकायत पर शिवाजीनगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com