मनोज जरांगे के समर्थन में सड़कों पर उतरा मराठा समाज, धुले-सोलापुर हाईवे जाम; एक मराठा, लाख मराठा के लगे नारे

Manoj Jarange Hunger Strike: मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे पाटिल के 11वें अनशन को राज्यभर में भारी समर्थन मिल रहा है। धुले-सोलापुर हाईवे पर चक्का जाम और कोल्हापुर में उग्र प्रदर्शन हुआ।
Manoj Jarange Hunger Strike Dhule Solapur Highway Jam
भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे, कोल्हापुर में प्रदर्शन करते मराठा समाज के लोगसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Maratha Reservation Agitation Dhule Solapur Highway Jam: मराठा आरक्षण की विभिन्न मांगों के तत्काल क्रियान्वयन की मांग को लेकर आंदोलनकारी नेता मनोज जरांगे पाटिल ने शनिवार से जालना के अंतरवाली सराटी में अपने 11वें आमरण अनशन की शुरुआत कर दी है। जरांगे के आंदोलन के समर्थन में राज्यभर से मराठा समाज के लोग अंतरवाली सराटी पहुंच रहे हैं।

धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन

इसी बीच वडीगोद्री के पास प्रदर्शनकारियों ने धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन कर यातायात बाधित कर दिया। मनोज जरांगे के समर्थन में इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों ने वडीगोद्री फाटे के पास अचानक हाईवे पर रास्ता रोको आंदोलन किया।

प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे- आरक्षण हमारा हक है

कई प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और कुछ ने सड़क पर लेटकर ‘एक मराठा, लाख मराठा’ तथा ‘आरक्षण हमारा हक है’ जैसे नारे लगाए। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण धुले-सोलापुर हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में वाहन फंसने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरपंच और पुलिस की मध्यस्थता से खुला रास्ता

धुले-सोलापुर हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही अंतरवाली सराटी के सरपंच पांडुरंग तारख और गोंदी पुलिस थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर यात्रियों की परेशानी को देखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की। पुलिस और सरपंच की मध्यस्थता के बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे खाली कर दिया। इसके बाद बाधित यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।

मनोज जरांगे के समर्थन में कोल्हापुर में भी हुआ प्रदर्शन

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल के आंदोलन के समर्थन में सकल मराठा समाज के सैकड़ों सदस्य कोल्हापुर के ऐतिहासिक दशहरा चौक पर इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कोल्हापुर गजट को तुरंत लागू करने और मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग की।

अंतरवाली सराटी में पुलिस बढ़ाई सुरक्षा

मनोज जरांगे के अनशन को देखते हुए जालना जिले के अंतरवाली सराटी और वडीगोद्री क्षेत्र में बड़ी संख्या में मराठा कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जालना पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल और दंगा नियंत्रण दलों को भी तैयार रखा गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com