सूखाग्रस्त जालना पहुंचे एकनाथ शिंदे: जमीन पर बैठकर किसान के साथ खाया खाना, बेटी की शादी का उठाया खर्च

Eknath Shinde Jalna Visit: एकनाथ शिंदे ने जालना के सूखा प्रभावित किसान अंबादास तांगड़े के घर पहुंचकर जमीन पर बैठकर खाना खाया। किसान की बेटी की शिक्षा, 12-सूत्रीय राहत पैकेज की घोषणा की।
Maharashtra Farmer Relief Scheme
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदेसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जालना जिले के मौजपुरी गांव पहुंचे।

  • किसान अंबादास तांगड़े के घर परिवार के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।

  • तांगड़े की बेटी की उच्च शिक्षा और विवाह की जिम्मेदारी शिवसेना उठाएगी।

  • सरकार ने सूखाग्रस्त किसानों के लिए 12 सूत्रीय राहत उपायों की घोषणा की है।

Maharashtra Farmer Relief Scheme: मुंबई, सूखे के गंभीर हालात के बीच आर्थिक संकट से जूझ रहे राज्य के किसानों के बीच भरोसा और हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे सोमवार को जालना जिले के मौजपुरी गांव पहुंचे।

यहां उन्होंने किसान अंबादास तांगड़े के घर जाकर परिवार से मुलाकात की और उनके साथ भोजन किया। इस दौरान शिंदे ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वे हिम्मत न हारें और कोई भी अतिवादी कदम न उठाएं। संकट की इस घड़ी में शिवसेना और राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

जमीन पर बैठकर किया भोजन

इस मुलाकात के दौरान शिंदे ने तांगड़े के परिवार की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने किसान की माताजी और बच्चों से भी बातचीत की। मंत्री पद के औपचारिक प्रोटोकॉल से अलग हटकर उपमुख्यमंत्री परिवार के साथ घर में जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए।

दरअसल, सूखे से प्रभावित किसानों के परिवारों के साथ दिवाली मनाने के लिए शिंदे ने शिवसेना के सभी मंत्रियों को निर्देश दिए थे। इसी पहल के तहत पिछले दो दिनों से पार्टी के मंत्री राज्य के सूखाग्रस्त जिलों में किसानों के घर पहुंचकर उनसे संवाद कर रहे हैं।

डीसीएम शिंदे ने तांगड़े परिवार की बेटी की उच्च शिक्षा और विवाह की पूरी जिम्मेदारी शिवसेना की ओर से उठाने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि सूखाग्रस्त क्षेत्रों में जिन किसानों की बेटियों के विवाह तय हो चुके हैं, उनके विवाह शिवसेना सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से संपन्न कराएगी।

Maharashtra Farmer Relief Scheme
महाराष्ट्र में सियासी भूचाल: अजीत पवार विमान हादसे में सुनील तटकरे पर आरोप, रामदास कदम ने की जांच की मांग
Maharashtra Farmer Relief Scheme
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदेसोर्स- सोशल मीडिया

सूखाग्रस्त किसानों के लिए 12 सूत्रीय राहत उपाय

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि राज्य सरकार ने सूखाग्रस्त किसानों के लिए 12 सूत्रीय राहत उपायों की घोषणा की है और अग्रिम सहायता के रूप में किसानों के खातों में 5,000 रुपये जमा किए हैं। शिवसेना की ओर से किसानों को दिवाली राशन भी वितरित किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों की पत्नियों को 25 हजार सिलाई मशीनें और बेटियों को 25 हजार साइकिलें वितरित की गई हैं।

शिंदे ने भरोसा दिलाया कि अगली बारिश होने तक प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, पशुओं के चारे और खाद्यान्न की व्यवस्था के लिए सरकार और शिवसेना पूरी ताकत से काम करेंगे। इस दौरान मंत्री संजय शिरसाट, उदय सामंत, सांसद संदीपान भुमरे, पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व सांसद आनंद परांजपे सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।