जलगांव में भीषण सड़क हादसा: बस, कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में गुजरात के परिवार सहित 6 लोगों की मौत

Jalgaon Road Accident: महाराष्ट्र के जलगांव में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में एसटी बस, कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिसमें एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 लोगों की जान चली गई।
Amalner Bus Car Bike Accident
जलगांव हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए वाहन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amalner Bus Car Bike Accident: जलगांव जिले के अमलनेर तहसील में मंगलरुल गांव के पास मंगलवार को भीषण हादसा हुआ। यहां तीन गाड़ियों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई है। टक्कर इतनी भयानक थी कि ग्रामीणों और बचाव दलों को गाड़ी के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इस हादसे में एक कार, एक दो-पहिया वाहन और ST बस के बीच जबरदस्त टक्कर हुई इस हादसे में कार पूरी तरह से चकनाचुर हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के एक परिवार के पांच सदस्यों और एक स्थानीय दोपहिया वाहन चालक की जान चली गई है।

हादसा कैसे हुआ?

यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अमलनेर-धुले रोड पर मंगरुल गांव के पास, होटल वृंदावन के नजदीक हुआ। खबरों के मुताबिक, गुजरात रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक कार की आमने-सामने की टक्कर एक मोटरसाइकिल और ST बस से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उस पर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार पांच लोगों की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कार में फंसा था एक छोटा बच्चा

हादसे की खबर मिलते ही 'डायल 112' की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसमें पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय निकम, हेड कॉन्स्टेबल कैलाश शिंदे और रवि पाटिल के साथ स्थानीय पुलिस शामिल थी। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और ST बस के कर्मचारियों की मदद से कार में फंसे एक छोटे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ST बस में सवार दीपक दिलीप पाटिल भी घायल हो गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में ST बस में सवार दीपक दिलीप पाटिल भी घायल हो गए और अभी उनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे में इनकी गई जान

मृतकों की पहचान आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनीता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन और सुरेश विक्रम महाजन के तौर पर हुई है। ये सभी गुजरात के व्यारा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे अमलनेर में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे के बाद हाईवे पर ट्रैफिक बाधित रहा

मंगलरुल गांव के पास हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक बाधित रहा। जलगांव पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर ट्रैफिक को फिर से सुचारू किया। घटनास्थल का औपचारिक निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमलनेर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान करने में काफी समय लगाया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com