

अरविंद देशमुख ने स्थायी समिति की बैठक में डीपी प्लान पर आपत्ति जताई।
मेहरूण शिवार के गट नंबर 424 की करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन का मामला उठाया।
देशमुख के मुताबिक, इस जमीन के लिए 680 से 682 करोड़ रुपये तक मुआवजा देना पड़ सकता है।
फायर स्टेशन, खेल मैदान और स्कूलों के आरक्षण हटाने पर भी सवाल उठाए।
BJP Corporator Raises Allegations: जलगांव मनपा के विकास प्रारूप मसौदा (डीपी प्लान) को लेकर अब भाजपा के भीतर से ही प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा नगरसेवक अरविंद देशमुख ने स्थायी समिति की बैठक में बिल्डर लॉबी और कथित लैंड सिंडिकेट के जरिए मनपा की आर्थिक लूट का गंभीर आरोप लगाते हुए नगर रचनाकार अमोल पाटील को सीधे निशाने पर लिया।
उन्होंने पाटील के सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) की जांच कराने तक की मांग कर दी। देशमुख का आरोप है कि निजी जमीनों पर आरक्षण डालकर और महत्वपूर्ण सार्वजनिक आरक्षण हटाकर चुनिंदा लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इससे मनपा पर 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक का भू-संपादन बोझ पड़ सकता है।
खास बात यह है कि देशमुख ने जिन बिल्डर श्रीराम खतोड़ का नाम राजनीतिक चर्चा में आने की बात स्वीकार की, उन्हें मंत्री गिरीश महाजन का निकटवर्ती माना जाता है। इस पर देशमुख ने स्पष्ट किया कि खतोड़ भी भाजपा कार्यकर्ता हैं और वे भी भाजपा के कार्यकर्ता हैं, लेकिन जनता के पैसे की लूट का मामला किसी व्यक्ति या संबंध से बड़ा है।
उन्होंने कहा कि गिरीश महाजन की स्पष्ट भूमिका है कि जनता का पैसा लूटने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस बयान के जरिए देशमुख ने अपनी ही पार्टी के राजनीतिक प्रभाव वाले दायरे में भी जवाबदेही का सवाल खड़ा किया है। देशमुख ने आरोप लगाया कि मेहरूण शिवार के गट नंबर 424 की करीब साढ़े तीन एकड़ निजी खदान वाली जमीन पर एम्यूजमेंट पार्क और डेपो का आरक्षण डाला गया है।
जबकि मनपा के पास शिवाजी महाराज उद्यान, जेके पार्क और करीब 100 से 110 एकड़ अन्य जमीन उपलब्ध होने का उनका दावा है। इसके बावजूद निजी जमीन को आरक्षण में शामिल करने की जरूरत क्यों पड़ी? देशमुख के अनुसार, मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर ढाई गुना मुआवजा देना पड़ा तो इसी जमीन के लिए करीब 680 से 682 करोड़ रुपए मनपा को चुकाने पड़ सकते हैं।
नगर रचनाकार अमोल पाटील पर आरोप लगाते हुए देशमुख ने कहा कि उनके पास कुछ ऐसे लोगों और पदाधिकारियों के बयान तथा दस्तावेज हैं, जो कथित तौर पर नकद रकम मांगने के मामलों की जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने पाटील के एक महीने के प्रशिक्षण दौरे पर भी सवाल उठाए और मांग की कि उनका सीडीआर निकलवाकर यह जांच की जाए कि वे कहां गए, कहां रुके और किन लोगों से मिले।
देशमुख का दावा है कि मुद्दा उठाने के बाद उन्हें 100 से अधिक फोन आए और करीब 20 से 22 दस्तावेज व सबूत मिले हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।
देशमुख ने डीपी प्लान में फायर स्टेशन, खेल मैदान और स्कूलों के लिए आरक्षित कुछ जमीनों का आरक्षण हटाने पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि एक स्थान पर 18 एकड़ का आरक्षण हटने से संबंधित जमीन की कीमत 1,000 से 1,200 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है। इसी तरह फायर स्टेशन के लिए आरक्षित जमीन का आरक्षण हटाने से भी बड़े आर्थिक लाभ की आशंका जताई। उनका आरोप है कि जहां सार्वजनिक सुविधाओं के लिए आरक्षण जरूरी था, वहां उसे हटाया गया और दूसरी ओर निजी जमीनों पर नए आरक्षण डालकर मनपा पर मुआवजे का बोझ बढ़ाया गया।
देशमुख ने मनपा की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष के बजट में भू-संपादन के लिए केवल 5 करोड़ रुपए का प्रावधान है, जबकि उनके अनुमान के मुताबिक निजी जमीनों के भू-संपादन की संभावित देनदारी 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिक आज भी सड़क, स्ट्रीट लाइट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में मनपा पर हजारों करोड़ का अतिरिक्त बोझ डालने वाले फैसलों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
देशमुख ने इस मामले में जनहित याचिका (PIL) दाखिल करने और विधायक सुरेश भोले से सहयोग लेने की बात कही है। उनका कहना है कि डीपी प्लान अभी अंतिम नहीं है, इसलिए नागरिकों को भी जागरूक होकर अपनी आपत्तियां दर्ज करानी चाहिए। सवाल अब सिर्फ एक आरक्षण या एक जमीन का नहीं, बल्कि यह है कि जलगांव शहर का भविष्य तय करने वाले विकास डीपीआर में सार्वजनिक हित को प्राथमिकता मिली है या निजी जमीनों के आर्थिक हित को? इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई है।