

Samruddhi Mahamarg Road Accident: समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों की श्रृंखला थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे विरूल क्षेत्र के निजामपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार और आयशर ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं ट्रक चालक भी चोटिल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई की ओर से आ रही कार क्रमांक एमएच-49 बीआर 7047 का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सामने जा रहे
आयशर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक चालक का भी वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल पुलिस की सहायता से उपचार के लिए सावंगी स्थित अस्पताल भेजा गया। घायलों में अफजल हुसैन (38), सिराज हुसैन (33), अवेज उर्फ पाशु प्यारे खान (21), दानिश प्यारे खान (30) व परवेज खान का समावेश है। सभी नागपुर के एकता कॉलोनी के निवासी बताये गए। दुर्घटना के समय
पुलगांव पुलिस के सिद्धार्थ सोमकुवर और गणेश इंगले सहित महाराष्ट्र सुरक्षा बल के अरविंद वाडेकर, संतोष मग्गीडवार तथा विजेंद्र कैलाकर ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया, गौरतलब है कि विरूल क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों के दौरान भी समृद्धि महामार्ग पर कई गंभीर हादसे हो चुके हैं।
विरूल के समृद्धि पुल के नीचे तथा मारडा क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार युवकों की जान चली गई थी। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने इस क्षेत्र में यातायात पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है। पुलगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।