

वारदात 25 नवंबर को दोपहर 12 से शाम 4:45 बजे के बीच हुई।
अमृतसिद्धि अपार्टमेंट के बंद फ्लैट को बनाया निशाना।
शिकायतकर्ता विशाल सोन्नेकर ICICI बैंक में संबंध प्रबंधक हैं।
चोरी के सामान में दो सोने के बिस्कुट भी शामिल हैं।
Daylight Theft In Ulkanagari Chhatrapati Sambhajinagar: संभाजीनगर के उल्कानगरी के अमृतसिद्धि अपार्टमेंट में चोरों ने दिनदहाड़े बंद फ्लैट को निशाना बनाकर 12 लाख 80 हजार 500 रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली।
बैंक प्रबंधक पति और शिक्षिका पत्नी के काम पर जाने के बाद चोरों ने मुख्य दरवाजे का कुंडा काटकर घर में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना 25 नवंबर को दोपहर 12 से शाम 4.45 बजे के बीच हुई।
इस मामले में विशाल दिलीपराव सोन्नेकर (42) ने जवाहरनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विशाल अदालत रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक की मुख्य शाखा में संबंध प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी स्नेहा सरस्वती भवन विद्यालय में शिक्षिका हैं। 25 नवंबर को दोनों रोजाना की तरह अपने-अपने काम पर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद फ्लैट को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का कुंडा काटकर घर में प्रवेश किया।
चोरों ने घर की अलमारी का ताला तोड़कर कीमती गहनों और नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी किए गए सामान में दो मंगलसूत्र, सोने की चेन, चूड़ियां, कानों के आभूषण, चार अंगूठियां, एक हार और लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा चोर दो सोने के बिस्कुट और करीब 50 ग्राम चांदी के सामान भी ले गए। घर से आठ हजार रुपये नकद भी चोरी हुए। चोरी किए गए सभी सामान की कुल कीमत 12 लाख 80 हजार 500 रुपये बताई गई है।
शाम को पड़ोसी सुनीता पुराणिक ने फ्लैट का दरवाजा खुला देखा और परिवार को सूचना दी। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले चोरों ने परिवार की दिनचर्या की रेकी की थी। उपनिरीक्षक वाघ मामले की जांच कर रहे हैं।