

Railway Cleanliness Swachhata Abhiyan: छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत जन संवाद कार्यक्रम हुआ। नांदेड़ मंडल के अपर रेल प्रबंधक सीएच कल्याणा राजू ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। रेलवे के अनुसार सफाई संबंधी शिकायतों में पिछले वर्ष की तुलना में 45% कमी आई है।
छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए केवल प्रशासन के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि यात्रियों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। यह बात नांदेड़ मंडल के अपर रेल प्रबंधक सीएच कल्याणा राजू ने कही।
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन पर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, यात्री संगठनों और रेलवे उपयोगकर्ता समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजू ने यात्रियों से निर्धारित कूड़ेदानों का इस्तेमाल करने, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में कचरा नहीं फैलाने तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में नांदेड़ मंडल की ओर से यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी गई। रेलवे के अनुसार सफाई संबंधी शिकायतों में पिछले वर्ष की तुलना में 45 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
रेलवे प्रशासन की ओर से नियमित स्वच्छता अभियान चलाने के साथ सफाई मित्रों और पर्यवेक्षकों के काम की निगरानी, यात्री सुविधाओं का रखरखाव, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता मानकों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जन संवाद के दौरान यात्रियों ने स्टेशन की स्वच्छता, शौचालयों, प्लेटफॉर्म सुविधाओं और ट्रेनों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई और उचित रखरखाव को लेकर जागरूकता अभियान को और मजबूत करने का सुझाव दिया गया।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न स्वच्छता अभियानों की सराहना भी की। साथ ही स्वच्छता गतिविधियों में रेलवे कर्मचारियों के साथ यात्री संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों और पर्यवेक्षकों का सम्मान किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने संभाजीनगर स्टेशन पर कार्यरत सफाई मित्र कर्मचारियों और हड़पसर एक्सप्रेस के ओबीएचएस पर्यवेक्षकों को उनके समर्पित कार्य के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप कुमार दास, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) प्रकाश प्रजापत, मंडल पर्यावरण अभियंता अखिल पल्लिवार सहित रेलवे अधिकारी और विभिन्न प्रतिनिधि मौजूद रहे।