

Chhatrapati Sambhajinagar Beef Smuggling: ऊपर से खाली पुठ्ठों के डिब्बे और नीचे बर्फ में छिपा करीब दो हजार किलो गोमांस मुंबई की ओर जा रही बोलेरो के जरिए तस्करी का यह मामला अपराध शाखा ने समृद्धि महामार्ग पर पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया।
शहर से सटे मालिवाडा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने वाहन सहित करीब 10 लाख 27 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल रफीक शेख (24) और जिशान सादिक सय्यद (26) के रूप में हुई है। दोनों श्रीरामपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी बोलेरो वाहन के जरिए मांस को मुंबई की ओर ले जा रहे थे। तस्करी को छिपाने के लिए मांस को सफेद तिरपाल में लपेटकर रखा गया था और उसके ऊपर बर्फ डाली गई थी।
इसके अलावा वाहन में तलाशी के दौरान पुलिस को गुमराह करने के लिए मांस के ऊपर 10 से 12 खाली पुठ्ठों के डिब्बे रखे गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वाहन की असली नंबर प्लेट भी छिपा दी थी और उसकी जगह फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। संभाजीनगर पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार तस्करों की योजना बोलेरो को आमने इंटरचेंज तक ले जाकर मांस को दूसरी कार में स्थानांतरित करने की थी। इसके बाद इसे कल्याण-ठाणे क्षेत्र में होटल और बाजारों तक पहुंचाया जाना था।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों को करीब तीन घंटे के सफर के लिए पांच हजार रुपये देने तय हुए थे। मांस 350 रुपये प्रति किलो की दर से मुंबई के व्यापारी को बेचने की योजना थी। पुलिस फरार जुबेर सहित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।