मुंबई से व्यापारी का अपहरण, सांगली से एक माह बाद रिहा, एक गिरफ्तार, चार फरार

NM Joshi Marg Police
Updated on

मुंबई: एनएम जोशी मार्ग पुलिस (NM Joshi Marg Police) को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कर्नाटक (Karnataka) के गुलबर्गा, बेलगाम और महाराष्ट्र के सांगली जिले में कई दिनों तक खाक छानने के बाद पिछले एक महीने से बंधक बने 35 वर्षीय व्यापारी रमेश काले को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल छुड़ाकर एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस मामले में अभी चार अपराधी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस जांच के दौरान पाया गया कि गन्ना काटने के पैसे को लेकर हुए विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस आगे की तहकीकात कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (जोन-3) अकबर पठान ने संवाददाता को बताया कि पीड़ित रमेश काले फूल बेचने का व्यवसाय करता है। अपहरणकर्ताओं ने एक दिसंबर 2022 फूलों के बड़े ऑर्डर का झांसा देकर ( Business Deal) रमेश का अपहरण कर उसे सांगली जिले के एक कमरे में बंद रखा था। इन्होने पीड़ित की पत्नी को धमकी दी थी कि सात लाख की फिरौती मिलने के बाद ही उसे रिहा किया जाएगा। लिहाजा पीड़ित की पत्नी सुनीता ने एनएम जोशी मार्ग पुलिस से संपर्क किया और पुलिस ने अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ अपहरण और रंगदारी और जबरदस्ती किसी को बंधक बना कर रखने का मामला दर्ज किया।

दो टीमों का किया गया था गठन

पुलिस निरीक्षक (क्राइम) सचिन कुंभार के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था। दोनों टीमें कर्नाटक और सांगली के अलग-अलग गांवों में लगातार आरोपी और पीड़िता की तलाश कर रही थीं। टेक्नोलॉजी, कॉल रिकॉर्ड और गुप्त सुचना की मदद से पुलिस ने आरोपी संतोष अर्जुन काले (28) को गिरफ्तार कर पीड़ित को सुरक्षित रिहा कराया है। 

1200 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली सफलता

पुलिस निरीक्षक सचिन कुंभार ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष काले और फरार की बापू प्रह्लाद चव्हाण, विलास प्रह्लाद चव्हाण, मयूर प्रह्लाद चव्हाण और एक अनजान व्यक्ति के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि करीब 1,200 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को सफलता मिली है।

Navbharat Live
navbharatlive.com