'न्याय मिलने तक चुप नहीं रहेंगे', सुप्रिया सुले ने सुसाइट करने वाली डॉक्टर के परिजनों से मुलाकात की

Supriya Sule News: सांसद सुप्रिया सुले ने सतारा में आत्महत्या करने वाली महिला डॉक्टर के परिवार से मुलाकात कर न्याय की मांग की। उन्होंने सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में एसआईटी बनाने की मांग की।
Supriya Sule Meets Family Of Satara Doctor
महिला डॉक्टर के परिजनों से मिलती सुप्रिया सुले (सोर्स: एक्स@supriya_sule)
Published on
Updated on

Supriya Sule Meets Family Of Satara Doctor: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने सतारा में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली महिला डॉक्टर संपदा मुंडे के परिवार से मुलाकात और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

सोमवार को बीड में महिला डॉक्टर के परिवार से मुलाकात के बाद सुले ने संवाददाताओं से बातचीत की और इस मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की वकालत की।

सुप्रिया सुले ने सीएम से की ये मांग

सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया है कि घटना की जांच पूरी होने तक किसी को भी क्लीन चिट न दी जाए। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किए जाने की भी मांग की है।

इस मुलाकात के दौरान सुले के साथ पार्टी सांसद बजरंग सोनवणे और पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष महबूब शेख भी उपस्थित थे। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि लोगों को लगता है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि न्याय मिलने तक हम चुप नहीं रहेंगे।

सातारा में की थी आत्महत्या

बता दें कि बीड जिले की रहने वाली डॉक्टर संपदा मुंडे को 23 अक्टूबर को सातारा के फलटन शहर में एक होटल के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। डॉक्टर ने अपनी हथेली पर एक 'सुसाइड नोट' लिखा था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी गोपाल बदाने ने उनके साथ कई बार बलात्कार किया, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुले ने कुछ सरकारी प्रतिनिधियों के बयानों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ सरकारी प्रतिनिधियों के बयान बेहद असंवेदनशील और परेशान करने वाले हैं। डॉक्टर महाराष्ट्र की सक्षम बेटी थी और उसे न्याय मिलना चाहिए।

सीडीआर लीक होने पर जताई चिंता

सांसद सुप्रिया सुले ने कथित तौर पर कॉल डेटा रिकॉर्ड (सीडीआर) के लीक होने पर भी चिंता जाहिर की, उन्होंने सवाल उठाया कि चुनिंदा जानकारी कैसे सार्वजनिक की गई। उन्होंने कहा कि जांच होने दीजिए। इतनी जल्दी क्यों है? जो भी दोषी है, चाहे वे कोई भी हो उसे दंडित किया जाना चाहिए।

हालांकि, एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्यमंत्री फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग है, ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को तुरंत एक महिला आईपीएस अधिकारी के तहत एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है।

इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने यह भी बताया कि सांसद सोनवणे जल्द ही दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें मामले के तथ्यों से अवगत कराएंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com