Maharashtra By Election: बारामती और राहुरी मतदान खत्म, 4 मई को आएंगे नतीजे

Maharashtra By Election: बारामती और राहुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। दोपहर 5 बजे तक बारामती में 52.44% मतदान हुआ। वहीं राहुरी में 50.68% वोटिंग दर्ज किया गया।
Baramati Rahuri By Election Live
बारामती-राहुरी विधानसभा उपचुनाव लाइव ब्लॉग (डिजाइन फोटो)

Baramati Rahuri By Election Live Updates: महाराष्ट्र की राजनीति में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा। राज्य की दो महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों बारामती और राहुरी पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। बारामती विधानसभा सीट हमेशा से ही राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में शुमार रही है। यहां मुख्य मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सुनेत्रा पवार और अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच है। दूसरी ओर, राहुरी विधानसभा सीट पर स्थिति काफी रोमांचक बनी हुई है। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अक्षय कर्डिले और शरद पवार गुट के गोविंद मोकाटे के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला है। शाम पांच तक  के जारी आंकड़ों के मुताबिक बारामती में 52.44% मतदान हुआ। वहीं राहुरी में 50.68% मतदान दर्ज किया गया। दोनों सीटों पर मतगणना 4 मई को होगी। अब सबकी निगाहें चुनाव नतीजों पर टिकी हुई है।

रोहित पवार के बयान पर जय पवार ने दिया जवाब

बारामती में हो रहे उपचुनाव में मतदान के बाद जय पवार ने अपने पिता दिवंगत अजित पवार को याद किया। उन्होंने कहा कि आज अगर वे होते तो हम खुश होते। जय पवार ने शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार के बयान पर जय पवार ने कहा कि मुझे लगता है कि हम पवार गुटों को एक साथ रहना चाहिए। लेकिन अभी ऐसा नहीं लगता कि ऐसा होगा। रोहित पवार ने कहा था कि 2029 में बारामती में एक बार फिर से पवार बनाम पवार लड़ाई होगी और यहां जय के सामने युगेंद्र पवार हो सकते हैं। इस बयान पर उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं हूं, यह हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग है। उन्होंने कहा कि रोहित पवार ने जो कहा है वो अपने हिसाब से कहा है।

बारामती और राहुरी में 5 बजे तक 50 प्रतिशत से ज्याद मतदान

महाराष्ट्र विधानसभा उपचुनाव के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, शाम 5 बजे तक मतदान का उत्साह मिला-जुला रहा। जहां बारामती निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं ने अधिक सक्रियता दिखाई और वहां लगभग 52.44% मतदान दर्ज किया गया। वहीं राहुरी में मतदान की गति थोड़ी धीमी रही और यहां शाम 5 तक करीब 50.68% वोट पड़े। कुल मिलाकर, दोनों ही क्षेत्रों में आधे से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

जय पवार ने अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की

बारामती विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डालने से पहले जय पवार ने अपने पिता अजित पवार के स्मारक का दौरा किया और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंबादास दावने बोले- किसी ने सोचा नहीं होगा कि अजित पवार की सीट पर उपचुनाव होगा

बारामती उपचुनाव पर शिवसेना (UBT) नेता अंबादास दानवे ने कहा कि अगर उस नजरिए से देखा जाए, तो महाराष्ट्र में किसी ने यह कल्पना भी नहीं की होगी कि अजित दादा की जगह बारामती में उपचुनाव होगा। महाराष्ट्र की सभी राजनीतिक पार्टियां सुनेत्रा पवार की साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टियां अलग हो सकती है। विचार अलग हो सकते हैं लेकिन सुनेत्रा पवार की भावना और संवेदना से सभी जुड़े हैं। दानवे ने कहा कि सुनेत्रा भारी बहुमत से चुनकर आना चाहिए।

परिवार की विरासत को मिटाने के लिए बारामती में 'पवार बनाम पवार' की कोशिश: रोहित पवार

शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने कहा कि बारामती में कोई भी 2029 के विधानसभा चुनावों में 'पवार बनाम पवार' की लड़ाई नहीं देखना चाहता, लेकिन एनसीपी से जुड़े कुछ लोग इस तरह के मुकाबले के पक्ष में प्रतीत होते हैं क्योंकि वे पवार परिवार की विरासत को समाप्त करना चाहते हैं। वर्ष 2029 में बारामती में दिवंगत अजित पवार के बेटे जय और उनके चचेरे भाई युगेंद्र पवार के बीच संभावित मुकाबले को लेकर जारी अटकलों पर रोहित पवार ने कहा कि बारामती की जनता की इच्छा के विरुद्ध, पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 'पवार बनाम पवार' का मुकाबला हुआ। बारामती उपचुनाव के लिए मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि कल अगर जय उनकी एनसीपी से चुनाव लड़ते हैं, तो युगेंद्र पवार भी शरद पवार गुट से मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में, बारामती में 'पवार बनाम पवार' का मुकाबला हो सकता है, भले ही जनता ऐसा न चाहे।

राहुरी में दोपहर 3 बजे तक 39.60%, तो बारामती में 40.36% मतदान

महाराष्ट्र के राहुरी और बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है, जहां दोपहर 3 बजे तक के रुझानों में मतदाताओं के बीच मध्यम उत्साह देखा जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, राहुरी विधानसभा सीट पर अब तक लगभग 39.60% मतदान दर्ज किया गया है, जबकि बारामती में यह आंकड़ा थोड़ा अधिक 40.36% रहा है। दोनों ही क्षेत्रों में दोपहर के समय मतदान की गति स्थिर बनी हुई है और शाम तक इन आंकड़ों में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

बारामती उपचुनाव पर शशिकांत शिंदे ने दी प्रतिक्रिया

बारामती उपचुनाव पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि यह उपचुनाव अजित पवार के निधन के बाद हो रहा है। आज भी लोगों के मन में उनके लिए गहरा स्नेह है। लोग उनसे प्यार करते हैं। बारामती के सभी वर्गों के लोग अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए एक साथ आ रहे हैं। इस चुनाव में सुनेत्रा पवार को ज़्यादा से ज़्यादा वोट दिए जाने चाहिए।

शाइना एनसी बोलीं- सुनेत्रा पवार को मिलेगा ऐतिहासिक जनादेश

बारामती उपचुनाव पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा कि बारामती में सुनेत्रा पवार का उपचुनाव अजित पवार और खुद सुनेत्रा पवार द्वारा दशकों से किए गए अच्छे कामों और सेवा का एक जनमत संग्रह है। पवार परिवार ने बारामती को अपने परिवार की तरह माना है, और मुझे पूरा यकीन है कि यह एक ऐतिहासिक जनादेश होगा।

बारामती और राहुरी मे मतदान की रफ्तार धीमी

महाराष्ट्र बारामती और राहुरी विधानसभा उपचुनाव के मतदान रुझानों के अनुसार, मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। आंकड़ों की बात करें दोपहर 1 बजे तक बारामती में 31.91% वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं राहुरी क्षेत्र में मतदान की गति थोड़ी धीमी बनी हुई है, जहां 1 बजे तक लगभग 29.67% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

बारामती में सुनेत्रा पवार की जीत पक्की: मनीषा कायंदे

बारामती में हो रहे उपचुनाव काे लेकर शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार की जीत निश्चित है। अजित पवार का समर्थन उनके साथ है, और बारामती की जनता उन्हें भारी बहुमत से चुनेगी।

बारामती उपचुनाव पर संजय राउत ने दी प्रतिक्रिया

संजय राउत ने बारामती उपचुनाव को भावनात्मक और विशिष्ट बताते हुए कहा कि महायुति की ओर से सुनेत्रा पवार की उम्मीदवारी के बीच इस चुनाव को निर्विरोध कराने के प्रयास किए गए थे, लेकिन 23 उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। हालांकि मुख्य राजनीतिक दल सीधे मुकाबले में नहीं हैं, फिर भी तकनीकी कारणों से हो रहे इस चुनाव को राउत ने जनता के लिए एक अवसर माना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महा विकास अघाड़ी की नेता सुप्रिया सुले की उपस्थिति के साथ यह चुनाव अब बारामती के मतदाताओं के लिए अजित पवार के प्रति अपनी आंतरिक भावनाओं को व्यक्त करने का एक जरिया बन गया है।

बारामती विधानसभा में 20.55% तो राहुरी में 18.22% मतदान

महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है और सुबह 11 बजे तक के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार, बारामती विधानसभा सीट पर 20.55% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, राज्य की राहुरी सीट पर मतदाताओं में थोड़ा धीमा उत्साह देखा गया है, जहां अब तक लगभग 18.22% मतदान हुआ है। सुबह के शुरुआती घंटों के बाद अब मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

रोहित पवार ने अजित पवार को किया याद

बारामती में मतदान करने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि अगर आप यहां का नजारा देखें तो अजित पवार के काम और लोगों के मन में उनके प्रति जो स्नेह है उसे देखते हुए लोग वाकई वोट डालने के लिए बाहर निकल रहे हैं; हालांकि, उनके चेहरों पर वह जानी-पहचानी मुस्कान कहीं भी दिखाई नहीं दे रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमने अपने बीच से एक कद्दावर हस्ती को खो दिया है। हालांकि वह नेता अब शारीरिक रूप से हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन हमारा मानना ​​है कि उनके प्रति सम्मान और उनकी याद में, सुनेत्रा पवार को यहां बहुत ज़ोरदार जनादेश मिलेगा।

बारामती विधानसभा उपचुनाव: रोहित पवार ने किया मतदान

राेहित पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा कि बारामती निर्वाचन क्षेत्र में हो रहा यह उपचुनाव, बारामती की जनता के दिलों में गहराई तक बसे भावों को आवाज देने का और मतदान के माध्यम से अजित दादा को एक सचमुच सार्थक श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक अवसर है। कर्तव्य की इसी भावना से प्रेरित होकर, मेरे पूरे परिवार और मैंने अपने पवित्र लोकतांत्रिक अधिकार मतदान का प्रयोग किया। मैं बारामती के निवासियों से भी विनम्र अनुरोध करता हूं कि वे भी किसी भी बात को हल्के में लिए बिना अपने घरों से बाहर निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

राहुरी में ठाकरे गुट के बागी उम्मीदवार रावसाहेब खेवरे ने किया मतदान

राहुरी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर शिवसेना (ठाकरे गुट) के बागी उम्मीदवार रावसाहेब खेवरे ने आज अपने परिवार के साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी। खेवरे ने कहा कि उन्हें तालुका के स्वाभिमान और पहचान के लिए चुनाव मैदान में उतरना पड़ा है। उन्होंने अपनी जीत का पूरा भरोसा जताया। फिलहाल राहुरी में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और मतदाताओं के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

देवेंद्र फडणवीस एक सुसंस्कृत नेता हैं: सांसद सुप्रिया सुले

सांसद सुप्रिया सुले ने बारामती शहर के रिमांड होम मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए, उन्होंने महिला आरक्षण के संदर्भ में देवेंद्र फडणवीस के उस बयान पर आश्चर्य व्यक्त किया जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के सामने एक करोड़ महिलाओं के हस्ताक्षरों का निवेदन फेंकने की बात कही थी। सुप्रिया सुले ने कहा कि राजनीति में देवेंद्र फडणवीस एक सुसंस्कृत नेता माने जाते हैं, इसलिए उनका ऐसा बोलना हैरान करने वाला है। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस उपचुनाव में वे अजित पवार को मतदान नहीं कर रही हैं, क्योंकि उन्हें उन पर विश्वास नहीं है।

सुबह 9 बजे तक बारामती में 8.1% तो राहुरी में 6.3% मतदान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है, जिसमें सुबह के शुरुआती घंटों में मतदाताओं का मिला-जुला उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक बारामती विधानसभा क्षेत्र में 8.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि राहुरी विधानसभा क्षेत्र में यह आंकड़ा 6.39 प्रतिशत रहा। हालांकि दिन की शुरुआत में वोटिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी नजर आ रही है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदाताओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होगी।

राहुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी

राहुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए कुल 374 पोलिंग बूथ बनाए गए है। यहां कुल वोटरों की संख्या 3 लाख 33 हजार 543 है। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।

बारामती उपचुनाव: अजित पवार के भाई श्रीनिवास पवार ने डाला वोट

बारामती विधानसभा उपचुनाव के स्वर्गीय अजित पवार के भाई श्रीनिवास पवार ने काटेवाड़ी के जिला परिषद प्राइमरी स्कूल में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद, श्रीनिवास पवार ने कहा कि अजित दादा और बारामती के बीच इतना पुराना और गहरा रिश्ता रहा है कि मुझे विश्वास है कि उनकी गैर-मौजूदगी में भी लोग उन्हें वोट देने ज़रूर आएंगे। वह अपने पीछे एक बहुत बड़ी विरासत छोड़ गए हैं, और हमने यह बात जनसभाओं में भी देखी है, जहां मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने लोगों से ज़ोरदार अपील की है। इसके साथ ही, इस पर एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी भी जुड़ी हुई है।

बारामती उपचुनाव: सुनेत्रा पवार ने किया मतदान, शरद पवार की सेहत को लेकर दिया अपडेट

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने बारामती उपचुनाव के लिए काटेवाड़ी के जिला परिषद प्राइमरी स्कूल में वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम यहां वोट डालने आए हैं। एक मज़बूत लोकतंत्र में, वोट डालना हर नागरिक का अधिकार भी है और ज़िम्मेदारी भी। इसीलिए हम सब यहाँ अपना वोट डालने आए हैं। शरद पवार की सेहत के बारे में अपडेट देते हुए उन्होंने बताया किया कि वे अभी अस्पताल में हैं और उनके कुछ टेस्ट चल रहे हैं। डॉक्टर ने बताया कि सड़क के रास्ते आने में करीब 5 घंटे लगेंगे, और हेलीकॉप्टर से भी आने में लगभग डेढ़ घंटा लगेगा। इसलिए, डॉक्टर ने सलाह दी कि बेहतर होगा अगर वे सफ़र करने से बचें। इसीलिए वे नहीं आ पाए।

राहुरी विधानसभा उपचुनाव: अक्षय कर्डिले ने किया मतदान

राहुरी विधानसभा उपचुनाव 2026 के दौरान भाजपा उम्मीदवार अक्षय कर्डिले ने मतदान किया और इस भावुक अवसर पर अपने दिवंगत पिता व पूर्व विधायक शिवाजीराव कर्डिले को याद किया। उन्होंने कहा कि हर बार मतदान के समय उनके पिता साथ होते थे, लेकिन आज उनके उम्मीदवार होने के बावजूद पिता का साथ न होना उनके लिए बेहद दुखद है। अक्षय ने विश्वास जताया कि जनता उनके पिता द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी। साथ ही, उन्होंने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे का चुनाव न लड़ने का निर्णय यह दर्शाता है कि वे और उनके कार्यकर्ता परोक्ष रूप से अक्षय कर्डिले के ही समर्थन में हैं।

पार्थ पवार पवार की अपील

NCP MP पार्थ पवार ने कहा, हमें उम्मीद है कि लोग बड़ी संख्या में वोट डालने आएंगे।

सुप्रिया सुले ने की बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील

सुप्रिया सुले ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने की वोटरों से अपील की है। उन्होंने अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल भी किया। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने शरद पवार की सेहत पर भी कमेंट किया। सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार की सेहत अब ठीक है। वह वोट देना चाहते थे। लेकिन एक्सप्रेसवे बंद है और वह बहुत बिज़ी भी हैं। हेलीकॉप्टर से आना मुमकिन नहीं है, इसलिए वह नहीं आए। उन्हें आज डिस्चार्ज कर दिया जाएगा...

सुप्रिया सुले ने किया मतदान

राकांपा (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने काटेवाड़ी के जिला परिषद प्राइमरी स्कूल में किया मतदान ।

बारामती के लोग पिछले 60 सालों से पवार परिवार को सपोर्ट कर रहे हैं: सुनेत्रा पवार

वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए महाराष्ट्र की डिप्टी CM सुनेत्रा पवार ने कहा, "बारामती के लोग पिछले 60 सालों से पवार परिवार को सपोर्ट कर रहे हैं। यह चुनाव तब हो रहा है जब दादा (अजीत पवार) नहीं हैं। बारामती के लोग दादा को श्रद्धांजलि देने के लिए अपना वोट देना चाहते हैं।"

मतदान से पहले, सुनेत्रा पवार विद्या प्रतिष्ठान में अजित पवार के मेमोरियल पर गईं

पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार बारामती उपचुनाव में वोट देने के लिए कटेवाड़ी पोलिंग स्टेशन जाएंगे। इससे पहले, वे विद्या प्रतिष्ठान में अजित पवार के मेमोरियल पर गए।

Before heading out to vote, Sunetra Pawar paid her respects at Ajit Pawar's memorial at Vidya Pratishthan.
सुनेत्रा पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)

मतदान केंद्रों पर हलचल तेज

सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर हलचल तेज हो गई है। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लोगों का घर से निकलना शुरू हो गया है।

पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार वोट देने के लिए कटेवाड़ी जाएंगे

पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार बारामती उपचुनाव में वोट देने के लिए काटेवाड़ी पोलिंग स्टेशन जाएंगे। इससे पहले, वे विद्या प्रतिष्ठान में अजित पवार के स्मारक पर गए।

बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए काटेवाड़ी स्थित मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग शुरु

महाराष्ट्र: बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए काटेवाड़ी स्थित एक मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग जारी है।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com