वर्ली पुलिस ने किया बांद्रा-वर्ली सी लिंक दुर्घटना में आरोपी चालक को गिरफ्तार

mumbai
Pic: ANI
Published on
Updated on

मुंबई: वर्ली पुलिस (Worli Police) ने बांद्रा-वर्ली सी लिंक (Bandra-Worli Sea Link) पर तीन अन्य कारों और एक एम्बुलेंस को टक्कर मारने वाले एसयूवी गाड़ी के चालक को लापरवाही से गाड़ी चलाने और ओवर-स्पीडिंग, रैश ड्राइविंग के तहत गिरफ्तार (Arrested) कर लिया है। हालांकि अभी तक यह सत्यापित नहीं किया गया है कि वह नशे में था या नहीं। पुलिस ने आरोपी की पहचान इरफान अब्दुल रहीम बेलकिया के रूप में की है। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हुए थे जिसमे 3 की हालत अभी भी गंभीर है।

सपनों के शहर मुंबई की नई पहचान जो हर किसी को अपनी तरफ आकर्षित करता है, आज कल जान लेवा स्पॉट बनता जा रहा है, लोग इसे खुनी ब्रिज भी कहने लगे है। बांद्रा-वर्ली सी-लिंक पर पिछले एक साल में दो दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटना में करीब 10 लोगों की मौत हुई है और पिछले एक साल में यहां सुसाइड की एक दर्जन से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। इस दुर्घटना पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर से ट्वीट कर दुख जताया है।

बचाव दल की मौत 

वर्ली पुलिस के मुताबिक, सी लिंक पर तैनात एक गार्ड की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जिसने टोल प्लाजा को हादसे की जानकारी दी थी। टोल प्लाजा के कर्मचारी चेतन कदम (36),गजराज सिंह (42),सतेंद्र सिंह (35) राजेंद्र सिंघल (40) सोमनाथ साबले (32) की मौत हो गई, जबकि आलिया खान (28) का ग्लोबल हॉस्पिटल और समशीर भासिम (18),हेमंत तोरस्कर (57) का लीलावती हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, वहीं आश्विन नायर (31),चैन पुर्तगाल (18) और रियान पटेल (19) और सिद्धार्थ गोयल (28) की हालत गंभीर है और इनका इलाज ग्लोबल हॉस्पिटल में चल रहा है।

सी लिंक पर कैसे हुआ हादसा

गौरतलब है कि एक स्विफ्ट कार का टायर फटने से वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया और सी लिंक पर रेलिंग से जा टकराया। हादसे की सूचना सी लिंक पर तैनात एक गार्ड राजेंद्र सिंह ने टोल प्लाजा को दी थी। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा के कर्मचारी चेतन कदम,गजराज सिंह,सतेंद्र सिंह और हेमंत तोरास्कर, एम्बुलेंस चालक सोमनाथ साल्वे और टोइंग वाहन के चालक कृष्णा यादव की छह सदस्यीय टीम घटनास्थल पर बचाव कार्य के लिए निकल गई थी। टोइंग वैन और एम्बुलेंस के चालकों ने अपने-अपने वाहन हादसे की शिकार स्विफ्ट कार के आगे खड़ी कर वे घायलों की मदद करने लगे और उन्हें एम्बुलेंस में रख रहे थे। यह देख एक बोलेरो और एक मर्सिडीज गाड़ी भी इनकी मदद के लिए वहां रुक गई, डिफेंस में काम कर रहे दो डॉक्टर जो की मर्सिडीज में थे। उनका मानना था कि कोई घायल हो गया था जिसके कारण वे रुक गए थे। इतनी बड़ी तादाद में जमा लोगों को देखने के बाद भी तेज़ रफ़्तार से आ रही एसयूवी क्रेटा ने स्विफ्ट कार को पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि वह एम्बुलेंस से जा टकराया और सबको रौंदते हुए आगे खड़े वाहनों को भी टक्कर मार दी।

दुर्घटना के आंकड़े चिंताजनक

पिछले कुछ वर्षों में मुंबई में घातक दुर्घटनाओं या सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर एक नज़र डालने से पता चलता है कि 2022 के पहले छह महीनों में हताहतों की संख्या में कमी आई है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जहां 2019 में 420 दुर्घटनाओं में 447 लोगों की मौत हुई, वहीं 2021 में 376 दुर्घटनाओं में 387 लोगों की मौत हो गई। 2020 में 349 सड़क दुर्घटना हताहतों की संख्या देखी गई, जिसमें काफी हद तक लॉकडाउन जिम्मेदार रहा। 2022 के आंकड़ों पर एक नज़र डालें तो मुंबई में साल की पहली छमाही में मामलों में और कमी आई और जून तक 154 दुर्घटनाओं में 156 लोगों की मौत हुई। 2019 में इसी अवधि में 215 दुर्घटनाओं में 233 लोगों की मौत हुई थी। 2021 में इस दौरान सड़क हादसों में 202 लोगों की मौत हुई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com