Sambhajinagar Theft: दिन में ऑटो चालक, रात में सेंधमार; किश्त भरने के लिए चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार

Sambhajinagar Theft: संभाजीनगर में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया। आरोपी दिन में ऑटो चलाकर रात में सेंधमारी करते थे।
Sambhajinagar Theft
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sambhajinagar Theft News: अपने ऑटो रिक्शा की 8,000 रुपये की मासिक किश्त चुकाने के लिए अपराध का रास्ता चुनने वाले दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को जवाहरनगर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल ऑटो सहित कुल 5 लाख 6,600 रुपये का माल बरामद किया है।

सीसीटीवी का रुख बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश

संभाजीनगर पुलिस निरीक्षक सचिन कुंभार ने जानकारी दी कि आरोपी फारूख खान और शेख फिरोज ने मोंढा नाका स्थित 'दर्शन हार्डवेयर' की दुकान को निशाना बनाया था। उन्होंने दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का रुख मोड़ दिया था। आरोपी ऑटो में लगभग 75,000 रुपये का हार्डवेयर सामान भरकर फरार हो गए थे। इसी दुकान में 8 महीने पहले भी चोरी हुई थी, लेकिन तब आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए थे।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी फारूख खान दिन में ऑटो चलाते समय उन बंद दुकानों और सूनी जगहों की रेकी करता था, जहाँ चोरी करना आसान हो। रात के समय वह अपने साथी के साथ मिलकर उन्हीं जगहों पर सेंधमारी करता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सूचना के आधार पर जाफर गेट इलाके में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे मिली जानकारी के बाद चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी अजहरुद्दीन अ. खैरखान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिमांड में हुए अन्य वारदातों के खुलासे

अदालत ने तीनों आरोपियों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जवाहर नगर क्षेत्र में 4 अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। उनके खिलाफ क्रांति चौक और सातारा थानों में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, उपायुक्त प्रशांत स्वामी और सहायक आयुक्त मनीष कल्याणकर के मार्गदर्शन में पीआई कुंभार, हवलदार अनिल भाले और मारोति गोरे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com