

Chhatrapati Sambhajinagar Excise Department: पुणे में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना के बाद राज्यभर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में छत्रपति संभाजीनगर जिले में आबकारी विभाग ने पिछले एक वर्ष के दौरान व्यापक कार्रवाई करते हुए 2372 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 2826 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है, जबकि 4 करोड़ 83 लाख रुपये मूल्य की शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
आबकारी अधीक्षक अभिनव बालुरे के निर्देशन में विशेष उड़नदस्ते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। नदी किनारे, खेतों, जंगलों और दुर्गम इलाकों में अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। विशेष अभियान के दौरान 41 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया और 61 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान 245 बल्क लीटर कच्ची शराब, 6256 बल्क लीटर रासायनिक मिश्रण, 1230 लीटर मिलावटी विदेशी शराव तथा 3351 बल्क लीटर देशी शराब जब्त कर नष्ट की गई। इसके अलावा अवैध शराब की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 251 वाहन भी जब्त किए गए हैं। प्रमुख राजमार्गों और शहर के प्रवेश मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क पर विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा आबकारी अधीक्षक अभिनव बालुरे ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर जिले में कहीं भी अवैध शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।