छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुम हुए 39 लाख रुपये कीमत के 157 मोबाइल मालिकों को लौटाए

Stolen Mobile Recovered: संभाजीनगर पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, चोरी हुए 157 मोबाइल फोन बरामद। 39 लाख की कीमत वाले फोन मालिकों को लौटाए गए। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Major Action by Chhatrapati Sambhajinagar Police: 157 Lost Mobile Phones, Worth ₹39 Lakhs, Returned to Their Owners
मोबाइल वास्तविक मालिकों को सौंपते हुए पुलिस (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Cyber Police Recovers 157 Stolen Mobiles: शहर में बढ़ती मोबाइल चोरी और गुम होने की वारदातों के बीच, छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के साइबर सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच और विशेष अभियान के जरिए 157 चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है।

क्या था पूरा मामला?

पिछले कुछ समय से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे शॉपिंग मॉल, सब्जी मंडी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से मोबाइल चोरी होने की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए साइबर पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

फरवरी से अप्रैल तक चला विशेष अभियान

साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने फरवरी 2026 से अप्रैल 2026 के बीच एक विशेष अभियान चलाया। टीम ने आधुनिक तकनीकी प्रणालियों का उपयोग किया, जिसके परिणामस्वरूप न केवल शहर, बल्कि अन्य राज्यों और जिलों में सक्रिय चोरों और मोबाइल लोकेशन्स का पता लगाया गया। पुलिस की इस मेहनत का परिणाम यह रहा कि 157 फोन सफलतापूर्वक ट्रैक कर लिए गए।

कार्यक्रम में छाई खुशी

सीपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने स्वयं अपने हाथों से नागरिकों को उनके फोन लौटाए। अपने खोए हुए कीमती फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में 52 नागरिक अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुँचे थे, जिन्हें उनके फोन सौंपे गए।

सफल टीम का मार्गदर्शन

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले और सहायक पुलिस आयुक्त अशोक राजपूत के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। इस अभियान को धरातल पर उतारने में साइबर पुलिस स्टेशन के पीआई सोमनाथ जाधव और उनकी पूरी टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।

पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसे ट्रैक किया जा सके।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com